होंडा के विट्ठलपुर प्लांट पहुंचे डीआरएम वेद प्रकाश, रेल से दोपहिया वाहनों के परिवहन पर हुई अहम चर्चा

अहमदाबाद। पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) वेद प्रकाश ने मंगलवार को गुजरात के विट्ठलपुर स्थित होंडा मोटरसाइकिल एंड स्कूटर इंडिया (एचएमएसआई) के प्लांट का दौरा किया। इस दौरान रेलवे अधिकारियों और होंडा प्रबंधन के बीच उच्चस्तरीय बैठक हुई, जिसमें स्कूटर और अन्य दोपहिया वाहनों का रेल मार्ग से परिवहन शुरू करने की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में बताया गया कि विट्ठलपुर स्थित होंडा प्लांट में प्रतिदिन 7,500 से अधिक स्कूटरों का उत्पादन होता है, जिन्हें फिलहाल ट्रकों के जरिए देश के विभिन्न राज्यों में भेजा जाता है। अब रेलवे के माध्यम से इन वाहनों की ढुलाई शुरू करने की दिशा में दोनों पक्षों के बीच सकारात्मक विचार-विमर्श हुआ।

चर्चा के दौरान लोडिंग और अनलोडिंग सुविधाओं, रेक की उपलब्धता, लॉजिस्टिक्स और परिचालन व्यवस्था सहित विभिन्न तकनीकी एवं समन्वय संबंधी पहलुओं पर मंथन किया गया। रेलवे का मानना है कि रेल परिवहन शुरू होने से सड़क परिवहन पर निर्भरता घटेगी, माल ढुलाई की लागत कम होगी, समय पर आपूर्ति सुनिश्चित होगी और कार्बन उत्सर्जन में भी कमी आएगी।

डीआरएम वेद प्रकाश ने कहा कि भारतीय रेलवे उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप आधुनिक, सुरक्षित और विश्वसनीय माल परिवहन सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह पहल रेलवे और ऑटोमोबाइल उद्योग के बीच सहयोग को नई मजबूती देगी तथा रेल आधारित लॉजिस्टिक्स को बढ़ावा मिलेगा।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार यदि यह व्यवस्था लागू होती है तो अहमदाबाद मंडल के माल ढुलाई राजस्व में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। साथ ही भारतीय रेलवे के ग्रीन लॉजिस्टिक्स और मल्टी-मोडल ट्रांसपोर्ट को बढ़ावा देने के लक्ष्य को भी मजबूती मिलेगी। रेलवे उद्योगों को सुरक्षित, किफायती और पर्यावरण-अनुकूल परिवहन समाधान उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार प्रयास कर रहा है।