उत्तर पश्चिम रेलवे में संरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता, महाप्रबंधक पंकज शर्मा ने अधिकारियों को दिए निर्देश

जयपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे मुख्यालय में मंगलवार को महाप्रबंधक पंकज शर्मा की अध्यक्षता में संरक्षा एवं कार्य समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी विभागाध्यक्ष, चारों मंडलों के मंडल रेल प्रबंधक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से तथा अन्य अधिकारी शामिल हुए।

बैठक में संरक्षित रेल संचालन, यात्री सुविधाएं, रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों की स्वच्छता, निर्माण परियोजनाएं, रेलवे ट्रैक की सुरक्षा, आधारभूत संरचना, पूंजीगत कार्यों तथा आय बढ़ाने से जुड़े विषयों की विस्तृत समीक्षा की गई। महाप्रबंधक ने स्पष्ट कहा कि संरक्षा रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है और सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में बेहतर समन्वय के साथ पूरे किए जाएं।

उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्यों, यात्री सुविधाओं के विकास और 'कवच' प्रणाली के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही मानसून के दौरान रेलवे ट्रैक की नियमित पेट्रोलिंग, विद्युत एवं सिग्नल उपकरणों की विशेष निगरानी तथा समय पर रखरखाव सुनिश्चित करने पर जोर दिया। अधीनस्थ कर्मचारियों की नियमित काउंसलिंग और संरक्षा अभियान चलाने के भी निर्देश दिए गए।

बैठक के दौरान उत्कृष्ट सतर्कता और कार्यकुशलता दिखाकर संभावित रेल दुर्घटनाओं को टालने वाले रेलकर्मियों को महाप्रबंधक ने सम्मानित भी किया। इनमें जयपुर मंडल के ट्रैक मेंटेनर संदीप कुमार, सहायक तकनीशियन पवन सिंह गुर्जर तथा जोधपुर मंडल के लोको पायलट कालूराम बैरवा और सहायक लोको पायलट गोविंद राम शामिल रहे। इन कर्मचारियों ने समय रहते तकनीकी खामियों की पहचान कर संबंधित अधिकारियों को सूचना देकर संभावित हादसों को टालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

महाप्रबंधक पंकज शर्मा ने सभी अधिकारियों से निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्यों को समय पर पूरा करने और रेल यात्रियों को बेहतर, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने का आह्वान किया। साथ ही मुख्यालय स्तर से सभी आवश्यक परियोजनाओं के क्रियान्वयन में पूर्ण सहयोग का आश्वासन भी दिया।