13 करोड़ रुपये की लागत से बदला खैरथल रेलवे स्टेशन का स्वरूप, यात्रियों को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं

अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत अलवर जिले के महत्वपूर्ण खैरथल रेलवे स्टेशन का लगभग 13 करोड़ रुपये की लागत से पुनर्विकास किया गया है। आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित इस स्टेशन से खैरथल, किशनगढ़ बास, तिजारा सहित आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। साथ ही अनाज मंडी और सब्जी मंडी आने-जाने वाले व्यापारियों का आवागमन भी अधिक सुगम होगा।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि स्टेशन भवन का पूर्ण नवीनीकरण किया गया है। स्टेशन को स्थानीय कला और आधुनिक वास्तुकला के समन्वय से नया स्वरूप दिया गया है। भवन के सामने नया पोर्च बनाया गया है तथा सर्कुलेटिंग एरिया का विस्तार 1,200 वर्गमीटर से बढ़ाकर 3,600 वर्गमीटर कर दिया गया है। यात्रियों की सुविधा के लिए अलग-अलग प्रवेश और निकास द्वार बनाए गए हैं, वहीं दोपहिया और चारपहिया वाहनों के लिए पृथक पार्किंग की व्यवस्था की गई है।

स्टेशन पर 4.19 करोड़ रुपये की लागत से 12 मीटर चौड़ा नया फुट ओवर ब्रिज बनाया गया है, जिसमें रैंप और कवर शेड की सुविधा भी उपलब्ध है। प्लेटफॉर्म शेल्टर का विस्तार 150 वर्गमीटर किया गया है तथा 4,197 वर्गमीटर प्लेटफॉर्म सतह का नवीनीकरण किया गया है। स्टेशन भवन के भीतर 300 वर्गमीटर क्षेत्र में आकर्षक कलात्मक चित्रकारी भी की गई है।

यात्रियों के लिए नए प्रतीक्षालय तैयार किए गए हैं तथा शौचालयों का आधुनिक सुविधाओं के साथ नवीनीकरण किया गया है। दिव्यांगजनों के लिए हेल्प बूथ, विशेष शौचालय, वाटर बूथ, रैंप, टिकट विंडो, साइनेज और बैठने की विशेष व्यवस्था की गई है।

रेलवे का कहना है कि स्टेशन के पुनर्विकास से यात्रियों को बेहतर यात्रा अनुभव मिलेगा। साथ ही क्षेत्र में व्यापार, पर्यटन और स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। आधुनिक सुविधाओं से लैस यह स्टेशन क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।