'एक पेड़ माँ के नाम' महाअभियान के तहत हाथरस में 800 पौधों का हुआ वृक्षारोपण

सुमित गर्ग पत्रकार,

हाथरस। प्रदेशव्यापी 'एक पेड़ माँ के नाम' वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 के अंतर्गत रविवार, 12 जुलाई को हाथरस जनपद के सादाबाद क्षेत्र में भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ उच्च शिक्षा विभाग के सचिव एवं हाथरस के नोडल अधिकारी अमृत त्रिपाठी (आईएएस) ने अपनी माताजी श्रीमती रेखा त्रिपाठी के नाम एक पौधा लगाकर किया। इस अवसर पर उन्होंने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान वृक्षारोपण स्थल पर कुल 800 पौधे लगाए गए। इनमें अशोक, नीम, कांजी, शहतूत, अर्जुन सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे शामिल रहे। अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, हरित आवरण में वृद्धि तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण का निर्माण करना है।

वृक्षारोपण अभियान में अपर जिलाधिकारी (एडीएम), उप जिलाधिकारी (एसडीएम) सादाबाद, खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) सादाबाद सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों, कर्मचारियों, ग्रामीणों और प्रकृति प्रेमियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पौधारोपण किया।

वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान जनसहभागिता के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। कार्यक्रम की सफलता में हाथरस वन प्रभाग के प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) राकेश कुमार यादव के मार्गदर्शन, सतत निगरानी, प्रेरणा और नेतृत्व की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनके सहयोग और प्रेरणादायी नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए पर्यावरण संरक्षण के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प दोहराया।