डेगाना में आरओबी-आरयूबी निर्माण कार्य ने पकड़ी रफ्तार, आरयूबी का 80% कार्य पूरा

जोधपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल अंतर्गत डेगाना में रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) और रेलवे अंडरब्रिज (आरयूबी) निर्माण कार्य तेज़ी से आगे बढ़ रहा है। परियोजना के पूरा होने के बाद रेलवे फाटक पर लगने वाले जाम से लोगों को राहत मिलेगी और सड़क व रेल यातायात अधिक सुरक्षित तथा सुगम हो जाएगा।

मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि आरयूबी-72 का लगभग 80 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। शेष कार्य भी तय समय-सीमा के अनुसार तेजी से कराया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि आरओबी के रेलवे स्पैन के लिए आवश्यक कम्पोजिट गर्डरों का निर्माण पूरा हो चुका है और सभी गर्डर निर्माण स्थल पर पहुंच चुके हैं। वर्तमान में रेलवे स्पैन की गर्डर लॉन्चिंग योजना रेलवे की स्वीकृति प्रक्रिया में है। स्वीकृति मिलते ही गर्डर लॉन्चिंग का महत्वपूर्ण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।

रेलवे स्पैन से जुड़े दोनों ओर के एडजेसेंट स्पैनों पर डेक स्लैब का निर्माण भी तेजी से चल रहा है। वहीं, निर्माण एजेंसी पुल के दोनों ओर एप्रोच रोड तैयार करने का कार्य भी समानांतर रूप से कर रही है, ताकि परियोजना पूरी होते ही आवागमन तुरंत शुरू किया जा सके।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, निर्माण कार्य निर्धारित कार्यक्रम के अनुरूप प्रगति पर है। रेलवे स्पैन की लॉन्चिंग के बाद परियोजना को और गति मिलेगी तथा शेष कार्य शीघ्र पूरा किया जाएगा।

परियोजना के पूर्ण होने के बाद डेगाना क्षेत्र में यातायात व्यवस्था में बड़ा सुधार होगा। रेलवे फाटक पर लगने वाले जाम से राहत मिलेगी, वहीं आपातकालीन सेवाओं, भारी वाहनों और दैनिक यात्रियों की आवाजाही भी अधिक सुरक्षित और निर्बाध हो सकेगी। यह परियोजना क्षेत्र के परिवहन ढांचे को मजबूत करने के साथ स्थानीय लोगों की वर्षों पुरानी समस्या का समाधान भी करेगी।