सुहावने मौसम के बीच जारी रही मां वैष्णो देवी यात्रा, श्रद्धालुओं में दिखा उत्साह

कटड़ा। त्रिकुटा पर्वत पर दिनभर बादलों और धूप की लुकाछिपी के बीच शनिवार को मां वैष्णो देवी की यात्रा सुहावने मौसम में लगातार जारी रही। ठंडी हवाओं और बादलों से मौसम खुशनुमा बना रहा, जिससे श्रद्धालुओं ने आरामदायक वातावरण में यात्रा का आनंद लिया।

खराब मौसम के कारण कटड़ा से हेलिकॉप्टर सेवा प्रभावित रही, लेकिन श्रद्धालुओं ने पैदल, घोड़े, पालकी और पिट्ठू सेवाओं का सहारा लेकर उत्साहपूर्वक भवन की ओर प्रस्थान किया। वहीं बैटरी कार और रोपवे सेवाएं पूरे दिन नियमित रूप से संचालित होती रहीं, जिससे यात्रियों को सुविधा मिलती रही।

यात्रा मार्ग पर श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड, पुलिस, सीआरपीएफ और आपदा प्रबंधन दल के अधिकारी एवं जवान लगातार मुस्तैद रहे तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं पर नजर बनाए रखी। श्रद्धालुओं से मौसम संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील भी की गई।

मौसम विभाग द्वारा बारिश की संभावना जताए जाने के बावजूद श्रद्धालुओं के उत्साह में कोई कमी नहीं दिखी। बड़ी संख्या में श्रद्धालु जय माता दी के जयकारों के साथ भवन की ओर रवाना होते रहे। शुक्रवार को 28,600 श्रद्धालुओं ने मां वैष्णो देवी के दर्शन किए थे, जबकि शनिवार शाम 6 बजे तक 22 हजार से अधिक श्रद्धालु यात्रा पंजीकरण करवा चुके थे, जिससे यात्रा का उत्साह लगातार बना हुआ है।