13 से 22 जुलाई तक बंद रहेगा वैष्णो देवी भवन–भैरो घाटी रोपवे, पैदल यात्रा व अन्य सुविधाएं रहेंगी सुचारु

कटड़ा। श्री माता वैष्णो देवी धाम आने वाले श्रद्धालुओं के लिए महत्वपूर्ण सूचना है। नियमित रखरखाव (मेंटेनेंस) कार्य के चलते वैष्णो देवी भवन से भैरो घाटी तक संचालित रोपवे सेवा 13 जुलाई से 22 जुलाई 2026 तक अस्थायी रूप से बंद रहेगी।

श्राइन बोर्ड के अनुसार यह रखरखाव कार्य श्रद्धालुओं की सुरक्षा और बेहतर सेवाएं सुनिश्चित करने के उद्देश्य से किया जा रहा है। इस अवधि में माता के दर्शन और यात्रा पर किसी प्रकार का प्रभाव नहीं पड़ेगा।

श्रद्धालु भवन से भैरो बाबा मंदिर तक पैदल मार्ग का उपयोग कर सकेंगे। इसके अलावा घोड़ा और पालकी सेवाएं भी पूर्व की भांति नियमित रूप से उपलब्ध रहेंगी, जिससे श्रद्धालुओं को यात्रा में किसी प्रकार की असुविधा न हो।

श्राइन प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अपनी यात्रा की योजना इसी के अनुसार बनाएं तथा रखरखाव कार्य के दौरान सहयोग करें। 22 जुलाई के बाद मेंटेनेंस कार्य पूरा होने पर रोपवे सेवा दोबारा शुरू कर दी जाएगी।