गड्ढों में तब्दील खड़ंजा मार्ग बना मुसीबत जलभराव से ग्रामीण बेहाल। 

विशेश्वरगंज, बहराइच। थाना क्षेत्र विशेश्वरगंज अंतर्गत विशेश्वरगंज-इकौना मार्ग पर सरवदी से ठाकुर पुरवा जाने वाला खड़ंजा मार्ग इन दिनों ग्रामीणों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बना हुआ है। मार्ग पूरी तरह गड्ढों में तब्दील हो चुका है और पहली ही बारिश के बाद सड़क पर जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई है, जिससे आवागमन बेहद कठिन हो गया है।ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पर जगह-जगह बने गहरे गड्ढों में पानी भर जाने से राहगीरों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। विशेष रूप से स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और दोपहिया वाहन चालकों के लिए यह मार्ग खतरे का कारण बन गया है। कीचड़ और पानी से भरे गड्ढों के चलते आए दिन लोग फिसलकर गिर रहे हैं तथा दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि लंबे समय से सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई है और न ही जल निकासी की कोई व्यवस्था की गई है। बरसात के दिनों में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है, जिससे ग्रामीणों को मजबूरी में कीचड़ और पानी से होकर गुजरना पड़ता है।ग्रामीण मधुकर, सोनू, विवेक, नीरज, अमन और ज्ञानेंद्र समेत अन्य लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभाग के अधिकारियों से मार्ग की तत्काल मरम्मत कराने तथा जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। ग्रामीणों का आरोप है कि जिम्मेदार अधिकारियों की अनदेखी के कारण यह मार्ग लंबे समय से बदहाल पड़ा हुआ है, जिससे क्षेत्र के लोगों में भारी नाराजगी और रोष व्याप्त है।ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तो वे संबंधित अधिकारियों के खिलाफ प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।