बहराइच कैसरगंज पुलिस की बड़ी कार्रवाई अवैध हथियार के साथ शातिर गिरफ्तार। 

बहराइच। जनपद बहराइच में पुलिस अधीक्षक द्वारा अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे धरपकड़ अभियान के क्रम में कैसरगंज पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। कैसरगंज थाना अध्यक्ष राजकुमार पाण्डेय के कुशल नेतृत्व में पुलिस टीम ने क्षेत्र में गश्त के दौरान एक व्यक्ति को अवैध असलहे के साथ गिरफ्तार किया है।पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान जगतराम यादव पुत्र स्वामीदयाल यादव, निवासी सरदवनपुरवा (चुलम्भा), थाना कैसरगंज के रूप में हुई है, जिसकी उम्र लगभग 42 वर्ष है। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक अदद देशी तमंचा 315 बोर और एक अदद जिंदा कारतूस 315 बोर बरामद किया गया है।इस मामले में थाना कैसरगंज में मुकदमा अपराध संख्या 184/2026 धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक रविन्द्र कुमार चंद्रा, हेड कांस्टेबल गिरजाशंकर चौधरी, कांस्टेबल अचितानंद तिवारी और कांस्टेबल संदीप पटेल शामिल थे। पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई पूरी करते हुए आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश करने हेतु रवाना कर दिया है। इस कार्रवाई से क्षेत्र के अपराधियों में हड़कंप मच गया है। पुलिस का कहना है कि आगामी समय में भी अपराध नियंत्रण के लिए इसी प्रकार की सघन चेकिंग अभियान जारी रहेंगे।