मुरादाबाद मुख्य विकास अधिकारी मृणाली अविनाश जोशी ने रोजगार मिशन की समीक्षा, रोजगार मेलों की बनाई रणनीति

मुरादाबाद। मुख्य विकास अधिकारी मृणाली अविनाश जोशी की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के अंतर्गत गठित जिला कार्यकारी समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के रोजगार प्लान की समीक्षा करते हुए प्रत्येक तहसील स्तर पर वृहद रोजगार मेले आयोजित करने के निर्देश दिए गए।

सीडीओ ने कहा कि रोजगार मेलों की सूचना संबंधित तहसील के सभी ग्राम प्रधानों के माध्यम से गांव-गांव तक पहुंचाई जाए, ताकि अधिक से अधिक बेरोजगार युवक-युवतियां इसमें भाग ले सकें। उन्होंने रोजगार मेले से पहले अभ्यर्थियों की स्क्रीनिंग कराने के निर्देश भी दिए, जिससे चयन प्रक्रिया सुगम हो और कंपनियों को योग्य उम्मीदवार आसानी से मिल सकें।

बैठक में सभी उच्च शिक्षण, तकनीकी, व्यावसायिक एवं प्राविधिक शिक्षण संस्थानों को कैंपस प्लेसमेंट की जानकारी पहले से क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही जनपद के सभी नियोक्ताओं से रोजगार संगम पोर्टल पर पंजीकरण कराने और अंतिम वर्ष के छात्र-छात्राओं का भी पोर्टल पर अनिवार्य पंजीकरण सुनिश्चित करने को कहा गया, ताकि स्थानीय युवाओं को रोजगार के अधिक अवसर मिल सकें।

सीडीओ ने रोजगार संगम पोर्टल पर उपलब्ध विदेशी रोजगार (ओवरसीज) अवसरों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के भी निर्देश दिए।

बैठक में सहायक निदेशक (सेवायोजन) रत्नेश चन्द्र ने पिछले वर्ष की उपलब्धियों की जानकारी देते हुए इस वर्ष रोजगार मेलों और करियर काउंसिलिंग कार्यक्रमों की रूपरेखा प्रस्तुत की। बैठक में परियोजना निदेशक श्वेतांक पांडेय, उप कृषि निदेशक रविकांत सिंह, सहायक श्रमायुक्त अजित कुमार कन्नौजिया, सह जिला विद्यालय निरीक्षक शतानंद शर्मा, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर.के. शर्मा तथा लघु उद्योग भारती के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।