कश्मीर घाटी में रेल ट्रैक होगा और मजबूत, सुरक्षा बढ़ाने के लिए 11 से 25 जुलाई तक अनुरक्षण अभियान

जम्मू। यात्रियों को भविष्य में और अधिक सुरक्षित, सुगम एवं भरोसेमंद रेल यात्रा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल ने कश्मीर घाटी के बनिहाल-बारामूला रेलखंड पर विशेष ट्रैक अनुरक्षण अभियान शुरू किया है। यह कार्य 11 जुलाई से 25 जुलाई 2026 तक चलेगा, जिससे रेल पटरियों की गुणवत्ता और परिचालन सुरक्षा को और मजबूत किया जाएगा।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार गर्मी के मौसम में ट्रैक की बेहतर देखरेख और दीर्घकालिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यह अनुरक्षण कार्य किया जा रहा है। इसके पूरा होने के बाद रेल संचालन अधिक सुरक्षित और सुचारु होने की उम्मीद है।

अनुरक्षण कार्य के दौरान गाड़ी संख्या 74615 बनिहाल-बारामूला, 74632 बारामूला-बडगाम और 74628 बडगाम-बनिहाल का संचालन 11 से 25 जुलाई तक अस्थायी रूप से रद्द रहेगा।

रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति आईआरसीटीसी, मोबाइल ऐप या रेल मदद 139 के माध्यम से अवश्य जांच लें। रेलवे का कहना है कि यह अस्थायी व्यवस्था यात्रियों की दीर्घकालिक सुरक्षा और बेहतर रेल सेवाएं सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।