11 जुलाई को रणुज-कटोसण रोड रेलखंड पर 120 किमी/घंटा की स्पीड ट्रायल, ट्रैक से दूर रहने की अपील

अहमदाबाद। पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल के अंतर्गत 63 किलोमीटर लंबे कटोसण रोड-रणुज रेलखंड पर 11 जुलाई को 120 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से इंजन का स्पीड ट्रायल किया जाएगा। यह ट्रायल रेल संरक्षा आयुक्त के निरीक्षण का महत्वपूर्ण हिस्सा है और इसके सफल होने के बाद इस रेलखंड पर यात्री ट्रेनों के संचालन का रास्ता साफ होगा।

रेलवे प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि स्पीड ट्रायल के दौरान रेलवे ट्रैक के पास न जाएं, रेल लाइन पार करने का प्रयास न करें तथा बच्चों और पशुओं को भी पटरियों से दूर रखें। रेलवे ने चेतावनी दी है कि किसी भी प्रकार की लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है।

करीब 1,000 करोड़ रुपये की लागत से विकसित कटोसण रोड बेचराजी रणुज गेज परिवर्तन परियोजना के तहत 14 स्टेशन, 9 बड़े पुल, 100 छोटे पुल और 47 रोड अंडर ब्रिज बनाए गए हैं। यह परियोजना रेलवे, जी-राइड और अन्य संस्थाओं की साझेदारी में विकसित की गई है। परियोजना की खासियत यह है कि इसके जरिए देश की पहली ऑटोमोबाइल विनिर्माण इकाई के लिए इन-प्लांट रेलवे साइडिंग विकसित की गई है, जिससे माल परिवहन और अधिक तेज एवं किफायती होगा।

रेलखंड के शुरू होने से महेसाणा और पाटण जिले के बेचराजी, खांभेल और चाणसमा जैसे क्षेत्रों को बेहतर रेल संपर्क मिलेगा। साथ ही बहुचर माता मंदिर आने वाले लाखों श्रद्धालुओं, स्थानीय नागरिकों, विद्यार्थियों, व्यापारियों और उद्योगों को भी इसका सीधा लाभ मिलेगा। रेलवे को उम्मीद है कि सीआरएस से मंजूरी मिलने के बाद इस रेलखंड पर जल्द ही यात्री ट्रेनों का संचालन शुरू किया जाएगा।