साबरमती में सक्रिय रेलवे ट्रैक के ऊपर 1600 मीट्रिक टन का पोर्टल बीम महज 3 घंटे में लॉन्च

अहमदाबाद। अहमदाबाद मुंबई हाई स्पीड रेल परियोजना के तहत साबरमती में इंजीनियरिंग का एक और बड़ा कीर्तिमान स्थापित किया गया है। पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल क्षेत्र में सक्रिय रेलवे मेनलाइन के ऊपर 1,600 मीट्रिक टन वजनी प्रीकास्ट आरसीसी पोर्टल बीम का सफलतापूर्वक प्रक्षेपण (लॉन्चिंग) केवल तीन घंटे के निर्धारित ट्रैफिक और पावर ब्लॉक के दौरान पूरा किया गया।

34.5 मीटर लंबा, 5.5 मीटर चौड़ा और 4.5 मीटर ऊंचा यह विशाल पोर्टल बीम अत्याधुनिक 2,200 टन क्षमता वाली क्रॉलर क्रेन की मदद से स्थापित किया गया। पूरी प्रक्रिया के दौरान सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखा गया और बिना किसी दुर्घटना के कार्य संपन्न हुआ।

सबसे महत्वपूर्ण बात यह रही कि इस जटिल ऑपरेशन के बावजूद यात्री रेल सेवाएं प्रभावित नहीं हुईं। कार्य पूरा होने के तुरंत बाद रेलवे ट्रैक और ओवरहेड इक्विपमेंट (ओएचई) को निर्धारित समय के भीतर पूरी सुरक्षा और सटीक एलाइनमेंट के साथ बहाल कर दिया गया।

रेलवे अधिकारियों ने इसे इंजीनियरिंग कौशल, सटीक योजना और सुरक्षित निष्पादन का उत्कृष्ट उदाहरण बताते हुए कहा कि सक्रिय रेलवे लाइन के ऊपर इतने भारी पोर्टल बीम की सफल लॉन्चिंग भारतीय रेलवे की तकनीकी क्षमता और उच्च सुरक्षा मानकों का प्रमाण है। यह उपलब्धि भविष्य की बड़ी आधारभूत संरचना परियोजनाओं के लिए भी एक नया मानक स्थापित करेगी।