रेलवन ऐप से जनरल टिकट पर 14 जुलाई तक 3% की छूट, एक ही प्लेटफॉर्म पर मिलेंगी सभी रेल सेवाएं

रेलवन ऐप से जनरल टिकट पर 14 जुलाई तक 3% की छूट, एक ही प्लेटफॉर्म पर मिलेंगी सभी रेल सेवाएं

जोधपुर। भारतीय रेलवे यात्रियों को डिजिटल टिकटिंग के लिए प्रोत्साहित कर रहा है। इसी क्रम में रेलवन ऐप के माध्यम से अनारक्षित (जनरल) टिकट बुक करने वाले यात्रियों को 14 जुलाई 2026 तक 3 प्रतिशत की छूट दी जा रही है। यह विशेष प्रोत्साहन योजना 14 जनवरी से छह माह के लिए लागू की गई थी।

उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हितेश यादव ने बताया कि यह छूट केवल रेलवन ऐप के जरिए जनरल टिकट बुक करने और यूपीआई, क्रेडिट कार्ड या नेट बैंकिंग से भुगतान करने पर ही मिलेगी। अन्य किसी वेबसाइट या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से टिकट बुक करने पर यह लाभ नहीं मिलेगा।

उन्होंने कहा कि रेलवे का उद्देश्य अधिक से अधिक यात्रियों को आधिकारिक डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ना और टिकट काउंटरों पर भीड़ कम करना है। डिजिटल टिकटिंग से यात्रियों का समय बचेगा, नकद लेन-देन घटेगा और टिकट बुकिंग प्रक्रिया अधिक तेज, पारदर्शी और सुविधाजनक बनेगी।

रेलवन ऐप एक ऑल-इन-वन डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जहां यात्री आरक्षित और अनारक्षित टिकट बुकिंग, प्लेटफॉर्म टिकट, लाइव ट्रेन स्टेटस, पीएनआर जांच, टिकट रद्दीकरण और रिफंड, ट्रेन में भोजन ऑर्डर तथा रेल मदद के माध्यम से शिकायत दर्ज कराने जैसी सुविधाओं का लाभ एक ही ऐप पर ले सकते हैं।

रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे रेलवन ऐप डाउनलोड कर डिजिटल सेवाओं का अधिकाधिक उपयोग करें, ताकि उनकी यात्रा अधिक सुविधाजनक हो और भारतीय रेलवे की डिजिटल पहल को मजबूती मिल सके।