डीआरएम अनुराग त्रिपाठी ने जोधपुर-मेड़ता रेलखंड का किया विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्थाओं का लिया जायजा

डीआरएम अनुराग त्रिपाठी ने जोधपुर-मेड़ता रेलखंड का किया विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्थाओं का लिया जायजा

जोधपुर। मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने मंगलवार को जोधपुर-मेड़ता रेलखंड का विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण कर रेल सुरक्षा, संरक्षा एवं परिचालन व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने रेल पथ, स्टेशन परिसरों, समपार फाटकों, सिग्नलिंग प्रणाली और विद्युत उपकरणों का अवलोकन करते हुए अधिकारियों को सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

डीआरएम ने निरीक्षण के दौरान राइकाबाग, जोधपुर कैंट, बनाड़, जाजीवाल, असारानाडा, खेड़ी सालवा, पीपाड़ रोड, साथिन रोड, उम्मेद, खारिया खंगार और गोटन स्टेशनों का विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण किया। उन्होंने ट्रेनों के सुरक्षित एवं सुचारु संचालन से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है और संरक्षा मानकों के अनुपालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।

इस मौके पर अपर मंडल रेल प्रबंधक करनी राम, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हितेश यादव, वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी आर.एन. जाट, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (संकेत एवं दूरसंचार), वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर महेंद्र कुमार मीणा, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (लाइन) ललित कुमार, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर श्रीचंद पूनिया, सहायक परिचालन प्रबंधक दलपत सिंह, सहायक वाणिज्य प्रबंधक बी.के. गौड़ सहित मंडल के कई अधिकारी मौजूद रहे।