अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत बालोतरा रेलवे स्टेशन का बदला स्वरूप, 19.88 करोड़ रुपये से हुआ आधुनिक कायाकल्प

अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत बालोतरा रेलवे स्टेशन का बदला स्वरूप, 19.88 करोड़ रुपये से हुआ आधुनिक कायाकल्प

जोधपुर। भारतीय रेलवे की महत्वाकांक्षी अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल स्थित बालोतरा रेलवे स्टेशन का करीब 19.88 करोड़ रुपये की लागत से व्यापक पुनर्विकास लगभग पूरा हो गया है। अब स्टेशन पर केवल पार्किंग क्षेत्र की मार्किंग का कार्य शेष है, जबकि बाकी सभी निर्माण और विकास कार्य पूरे कर लिए गए हैं।

मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि योजना के तहत स्टेशन के प्रथम प्रवेश द्वार पर नया आरक्षण केंद्र, टिकट बुकिंग कार्यालय, उच्च श्रेणी प्रतीक्षालय, डॉरमिट्री, विश्राम कक्ष तथा पुरुष एवं महिला यात्रियों के लिए आधुनिक सार्वजनिक शौचालय तैयार किए गए हैं।

स्टेशन के दूसरे प्रवेश द्वार पर टिकट बुकिंग कार्यालय, विशेष अतिथि कक्ष, स्टेशन अधीक्षक कक्ष, प्रतीक्षालय, विशाल प्रतीक्षा हॉल, सर्कुलेटिंग एरिया, पोर्च और नया प्रवेश द्वार सहित सभी निर्माण कार्य पूरे हो चुके हैं। स्टेशन भवन को आधुनिक स्वरूप देने के लिए नई फ्लोरिंग, दीवारों की सजावट, रंगाई-पुताई, विद्युत और स्वच्छता से जुड़े सभी कार्य भी पूरे कर लिए गए हैं।

यात्रियों की सुविधा के लिए प्लेटफॉर्मों पर नए शेल्टर बनाए गए हैं। प्लेटफॉर्म सतह को कोटा स्टोन से विकसित किया गया है, साथ ही प्लेटफॉर्म किनारों का निर्माण और दिव्यांग यात्रियों की सुविधा के लिए विशेष स्पर्श संकेतक टाइल्स भी लगाए गए हैं।

दिव्यांगजन यात्रियों के लिए स्टेशन पर विशेष रैंप, रेलिंग, दिव्यांग अनुकूल शौचालय और सहारा देने वाले ग्रैब बार की समुचित व्यवस्था की गई है। इसके अलावा स्टेशन परिसर में वाहन नियंत्रण व्यवस्था, मुख्य प्रवेश एवं निकास द्वार, बेहतर प्रकाश व्यवस्था और सौंदर्यीकरण से जुड़े सभी कार्य पूरे हो चुके हैं।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार पुनर्विकसित बालोतरा रेलवे स्टेशन का लाभ न केवल स्थानीय यात्रियों को मिलेगा बल्कि विश्व प्रसिद्ध नाकोड़ा जैन तीर्थ आने-जाने वाले हजारों श्रद्धालुओं को भी बेहतर यात्रा सुविधा मिलेगी। आधुनिक प्रतीक्षालय, सुगम आवागमन व्यवस्था और बेहतर यात्री सुविधाएं यात्रियों के सफर को अधिक आरामदायक, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाएंगी।

अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विकसित यह नया स्टेशन अब यात्रियों को आधुनिक, स्वच्छ, सुरक्षित और विश्वस्तरीय रेल यात्रा अनुभव देने के लिए पूरी तरह तैयार नजर आ रहा है।