'नशा मुक्त राजस्थान' जन जागृति कार्यक्रम सम्पन्न, हजारों लोगों ने ली नशे के खिलाफ जंग की शपथ

श्रीगंगानगर के श्रीकरणपुर में जिला प्रशासन के नेतृत्व में 'नशा मुक्त राजस्थान' जन जागृति कार्यक्रम का आयोजन बीती देर रात तक अग्रसेन पार्क में हुआ। कार्यक्रम में नशे के दुष्प्रभावों को लेकर बड़ा संदेश दिया गया और हजारों लोगों ने नशे के विरुद्ध लड़ाई में साथ देने की शपथ ली।

दीप प्रवज्जलित कर हुआ कार्यक्रम का आगाज....

कार्यक्रम का शुभारंभ संत बाबा आकाश मुनि, खरलां के पूर्व सरपंच पति अवि हेयर सहित अन्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम को देखने के लिए अग्रसेन पार्क में जनसैलाब उमड़ पड़ा।

कॉमेडी और नाटक से दिया नशा विरोधी संदेश....

कार्यक्रम में लॉफ्टर चैम्पीयन कॉमेडियन ख्याली सहारण ने अपनी प्रस्तुति से समां बांधा। बॉलीवुड अभिनेता गोविंदा के हमशक्ल यूनियर गोविंदा ने भी अपनी प्रस्तुति दी।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण विक्रम ज्याणी, उनकी पुत्री और सही राम द्वारा पेश किया गया नाटक रहा। नाटक के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों को प्रभावी तरीके से दिखाया गया और युवाओं से नशे से दूर रहने की मार्मिक अपील की गई। नाटक ने दर्शकों को भावुक कर दिया।

हाथ उठाकर ली शपथ....

कार्यक्रम में मौजूद हजारों लोगों ने हाथ उठाकर नशे के खिलाफ लड़ने और समाज को नशा मुक्त बनाने में सहयोग करने की हामी भरी। वक्ताओं ने कहा कि नशा न केवल व्यक्ति बल्कि पूरे परिवार और समाज को बर्बाद कर देता है।

ये रहे मौजूद....

कार्यक्रम में एसडीएम सावित्री बिश्नोई, सीओ पुष्पेंद्र, सीआई शालू, ईओ संदीप, कांग्रेस ओबीसी प्रदेश प्रवक्ता श्याम वर्मा, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष सुरेश चुघ, भाजपा जिला उपाध्यक्ष राजन तनेजा सहित कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। प्रशासनिक अधिकारियों ने कहा कि जिले को नशा मुक्त बनाने के लिए इस तरह के जागरूकता अभियान लगातार चलाए जाएंगे।