सरेआम चाकूबाजी प्रकरण : इलाज के दौरान एक युवक की मौत, पुलिस की टीमें दबिश में जुटी

श्रीगंगानगर के श्रीकरणपुर में कल गुरुसर रोड स्थित शनि मंदिर के पास हुई चाकूबाजी की घटना में घायल हुए एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस हमलावरों की सरगर्मी से तलाश कर रही है।

निजी अस्पताल में तोड़ा दम....

जानकारी के अनुसार 3 जुलाई शुक्रवार को हुई चाकूबाजी में चरणजीत पुत्र गुरदीप सिंह निवासी गांव 19 ओ और शिवराज पुत्र रामप्रताप मेघवाल निवासी वार्ड 2 गंभीर रूप से घायल हो गए थे। दोनों को श्रीकरणपुर सीएचसी से प्राथमिक उपचार के बाद जिला मुख्यालय रेफर किया गया था। जिला मुख्यालय स्थित एक निजी अस्पताल में उपचाराधीन चरणजीत ने आज इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। शिवराज का इलाज अभी जारी है।

पुलिस दे रही लगातार दबिश....

घटना के बाद से श्रीकरणपुर पुलिस हमलावरों की तलाश में जुटी है। श्रीकरणपुर सीआई सीर कौर ने बताया कि पुलिस की टीमें हमलावरों के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। उन्होंने कहा कि जल्द ही सभी हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और इस मामले में किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।

पुरानी रंजिश बताई जा रही कारण....

पुलिस के अनुसार दोनों गुटों के बीच पहले से रंजिश चल रही थी। इसी को लेकर शनि मंदिर के पास दोनों पक्षों में झगड़ा हुआ और चाकू, ईंट-पत्थर चले थे।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए टीमें गठित की गई हैं।