रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने जीता श्रमिकों का दिल, बोले— "रेल मंत्री आपका भाई है, आराम से सभी लोग सेल्फी ले लो"

अहमदाबाद। केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री ने अहमदाबाद में निर्माणाधीन बुलेट ट्रेन परियोजना का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परियोजना में कार्यरत श्रमिकों और कर्मचारियों से आत्मीय संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया।

निरीक्षण के दौरान कई श्रमिकों ने रेल मंत्री के साथ फोटो और सेल्फी लेने की इच्छा जताई। इस पर श्री वैष्णव ने बेहद सहज और अपनत्व भरे अंदाज़ में सभी के साथ तस्वीरें खिंचवाईं। मुस्कुराते हुए उन्होंने कहा, "रेल मंत्री आपका भाई है, आपके बीच ही है। आराम से सभी लोग सेल्फी ले लो।"

रेल मंत्री के इस स्नेहपूर्ण व्यवहार से श्रमिकों में खुशी और उत्साह का माहौल बन गया। सभी ने उनके साथ यादगार तस्वीरें और सेल्फी लीं। उनका यह आत्मीय संवाद वहां मौजूद लोगों के लिए एक विशेष और प्रेरणादायक क्षण बन गया।

निरीक्षण के दौरान श्री वैष्णव ने बुलेट ट्रेन परियोजना की प्रगति का भी जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को गुणवत्ता से कोई समझौता किए बिना निर्धारित समयसीमा के भीतर निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।

उल्लेखनीय है कि अहमदाबाद में बुलेट ट्रेन परियोजना का निर्माण कार्य तेज़ी से प्रगति पर है और इसे देश की आधुनिक रेल अवसंरचना के महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स में से एक माना जा रहा है।