अहमदाबाद बुलेट ट्रेन स्टेशन पहुंचे रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, निर्माण कार्य की प्रगति का लिया जायजा

अहमदाबाद।केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शनिवार को मुंबई?अहमदाबाद हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर के तहत निर्माणाधीन अहमदाबाद बुलेट ट्रेन स्टेशन का निरीक्षण कर परियोजना की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य में जुटे इंजीनियरों और निर्माण टीमों से संवाद कर उनके कार्यों की सराहना की तथा निर्धारित समयसीमा में परियोजना पूरी करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान रेल मंत्री ने स्टेशन भवन और उससे जुड़ी आधारभूत संरचनाओं का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि अहमदाबाद खंड में परियोजना के तहत सबसे जटिल इंजीनियरिंग कार्य किए जा रहे हैं, जिनमें मौजूदा रेलवे लाइनों और फ्लाईओवरों के ऊपर कई क्रॉसिंग का निर्माण शामिल है। उन्होंने बहुमंजिला स्टेशन भवन और एप्रोच इंफ्रास्ट्रक्चर की प्रगति का भी अवलोकन किया।

रेल मंत्री ने निर्माण स्थल पर कार्यरत इंजीनियरों और श्रमिकों से मुलाकात कर उनके अनुभव और कार्य परिस्थितियों की जानकारी ली। उन्होंने उनकी प्रतिबद्धता, मेहनत और समर्पण की सराहना करते हुए सुरक्षा, गुणवत्ता और इंजीनियरिंग उत्कृष्टता के उच्चतम मानकों को बनाए रखने का आह्वान किया।

श्री वैष्णव ने बताया कि अहमदाबाद बुलेट ट्रेन स्टेशन को एक आधुनिक मल्टीमॉडल ट्रांसपोर्ट हब के रूप में विकसित किया जा रहा है, जहां बुलेट ट्रेन, पारंपरिक रेलवे, मेट्रो और शहर की बस सेवाओं का सहज एकीकरण होगा। उन्होंने कहा कि स्टेशन की डिजाइन अहमदाबाद की सांस्कृतिक पहचान 'पतंग' से प्रेरित है, जो आधुनिक तकनीक और स्थानीय विरासत का अनूठा संगम प्रस्तुत करेगी।

उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मुंबई?अहमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना को वैश्विक मानकों के अनुरूप समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।