श्री गुरु हरगोबिंद साहिब जी के प्रकाश पर्व पर जरूरतमंदों के लिए विशाल लंगर सेवा

नई दिल्ली, 4 जुलाई (मनप्रीत सिंह खालसा): छठे पातशाह श्री गुरु हरगोबिंद साहिब जी के पावन प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में शाहपुरा में बीबी रणजीत कौर तथा गुरप्रीत सिंह (परी इवेंट प्राइवेट लिमिटेड) के सहयोग से जरूरतमंदों एवं संगत के लिए विशाल गुरु का लंगर आयोजित किया गया। इस सेवा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, स्थानीय निवासियों और जरूरतमंद लोगों ने भाग लेकर गुरु का अटूट लंगर ग्रहण किया तथा प्रकाश पर्व की खुशियां साझा कीं। लंगर सेवा के दौरान श्रद्धालुओं को विशेष रूप से मिस्सी रोटी एवं ठंडी लस्सी का प्रसाद वितरित किया गया। सेवादारों ने पूरे समर्पण, प्रेम और विनम्रता के साथ संगत की सेवा करते हुए सिख धर्म की महान लंगर परंपरा को जीवंत किया। कार्यक्रम के माध्यम से समाज में भाईचारे, समानता, मानवता और सेवा भावना का संदेश भी दिया गया। इस अवसर पर बीबी रणजीत कौर ने कहा कि श्री गुरु हरगोबिंद साहिब जी ने मीरी-पीरी के सिद्धांत के माध्यम से धर्म की रक्षा, मानवता की सेवा और 'सरबत दा भला' का अमूल्य संदेश दिया। उन्होंने कहा कि जरूरतमंदों की सेवा करना ही गुरु साहिब की शिक्षाओं का वास्तविक पालन है और भविष्य में भी ऐसे जनसेवा के कार्य निरंतर जारी रखे जाएंगे। गुरप्रीत सिंह ने कहा कि गुरु का लंगर सिख धर्म की ऐसी महान परंपरा है, जहां बिना किसी जाति, धर्म या वर्ग के भेदभाव के सभी लोगों को एक पंक्ति में बैठाकर भोजन कराया जाता है। यह परंपरा समानता, भाईचारे और मानवता का जीवंत प्रतीक है। उन्होंने युवाओं से समाज सेवा से जुड़ने और गुरु साहिब की शिक्षाओं को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान भी किया। उल्लेखनीय है कि बीबी रणजीत कौर दिल्ली कमेटी की वरिष्ठ सदस्य होने के साथ-साथ धार्मिक, सामाजिक एवं जनकल्याण के कार्यों में लगातार सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। गरीब एवं जरूरतमंद लोगों की सहायता, सिख पंथ की सेवा तथा समाज कल्याण के क्षेत्र में उनके योगदान की क्षेत्रभर में सराहना की जाती है। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित संगत ने लंगर सेवा में योगदान देने वाले सभी सेवादारों, सहयोगियों एवं आयोजकों का आभार व्यक्त करते हुए इस पुनीत सेवा की भूरि-भूरि प्रशंसा की।