प्रयागराज मंडल में जून माह में 60 रेलकर्मी हुए सम्मानपूर्वक सेवानिवृत्त, उत्कृष्ट सेवा पर कर्मचारियों को मिला सम्मान

प्रयागराज मंडल में जून माह में 60 रेलकर्मी हुए सम्मानपूर्वक सेवानिवृत्त, उत्कृष्ट सेवा पर कर्मचारियों को मिला सम्मान

उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल में जून 2026 के दौरान 60 रेलकर्मी सम्मानपूर्वक सेवानिवृत्त हुए। इस अवसर पर मंडल कार्यालय स्थित सभागार में आयोजित समारोह में अपर मंडल रेल प्रबंधक (सामान्य) दीपक कुमार ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों को समापन भुगतान से संबंधित दस्तावेज सौंपे और रेल सेवा में उनके बहुमूल्य योगदान की सराहना करते हुए स्वस्थ एवं सुखद भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

समारोह के दौरान सुरक्षित और संरक्षित रेल संचालन में उत्कृष्ट योगदान देने वाले कर्मचारियों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। उदय वीर सिंह, राधा रमण, अखिलेश कुमार, राम जन्म प्रसाद, प्रदीप मल्होत्रा, राजेन्द्र कुमार गौतम तथा भारत सिंह को सुरक्षित रेल परिचालन में योगदान के लिए ?एक्सीडेंट फ्री अवार्ड? देकर सम्मानित किया गया।

मंडल प्रशासन द्वारा जून 2026 में सेवानिवृत्त कर्मचारियों को नियमानुसार लगभग 21 करोड़ 73 लाख रुपये से अधिक की समापन राशि डिजिटल माध्यम से प्रदान की गई।

कार्यक्रम में वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी वैभव कुमार गुप्ता ने कर्मचारियों के सेवाकाल की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। वहीं सहायक मंडल कार्मिक अधिकारी रूपेश कुमार सुमन ने सेवानिवृत्ति के बाद मिलने वाली सुविधाओं, मानार्थ रेल पास, एचआरएमएस और यूएमआईडी से जुड़ी प्रक्रियाओं की जानकारी दी।

कार्मिक और लेखा विभाग के समन्वित प्रयासों से आयोजित यह समारोह सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ, जिसमें सेवानिवृत्त कर्मचारियों और उनके परिजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। यह आयोजन रेलवे परिवार के प्रति सम्मान और कर्मचारियों की सेवाओं के प्रति कृतज्ञता का एक प्रेरणादायक उदाहरण बना।