अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत गोटन रेलवे स्टेशन का तेजी से हो रहा आधुनिकीकरण

जोधपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल स्थित गोटन रेलवे स्टेशन का अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत तेजी से कायाकल्प किया जा रहा है। करीब 18.93 करोड़ रुपये की लागत से स्टेशन को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जा रहा है, जिससे यात्रियों को बेहतर, सुरक्षित और विश्वस्तरीय सुविधाएं मिल सकेंगी।

जोधपुर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि स्टेशन के पुनर्विकास कार्य अंतिम चरण में पहुंच चुके हैं। स्टेशन भवन में नया बुकिंग कार्यालय, आधुनिक प्रतीक्षालय, वीआईपी कक्ष, स्टेशन अधीक्षक एवं सुपरवाइजर कक्ष, पार्सल कार्यालय और शौचालयों का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है। इसके साथ ही भवन, प्रवेश द्वार, डॉरमेट्री, जल बूथ और दिव्यांगजन शौचालयों के सौंदर्यीकरण का कार्य भी पूरा कर लिया गया है।

रेलवे के अनुसार प्लेटफॉर्म की सतह सुधार, विद्युत व्यवस्था, डिजिटल सूचना प्रणाली और आधुनिक प्रकाश व्यवस्था का काम भी पूरा हो चुका है। वहीं पार्किंग क्षेत्र के विकास, बाउंड्री वॉल, पार्किंग शेड और प्रवेश-निकास मार्गों को जोड़ने वाले कंक्रीट कार्य तेजी से किए जा रहे हैं।

स्टेशन पर 12 मीटर चौड़े फुट ओवर ब्रिज (एफओबी) पर पेंटिंग, रैंप पर टैक्टाइल पाथ और स्टेनलेस स्टील रेलिंग लगाने का काम अंतिम चरण में है। इसके अलावा यात्रियों के लिए अलग-अलग प्रवेश और निकास द्वार, ऑटो, दोपहिया और चारपहिया वाहनों के लिए अलग पार्किंग, आधुनिक पोर्च और विशाल प्रवेश कक्ष भी तैयार किए जा रहे हैं।

डीआरएम अनुराग त्रिपाठी ने कहा कि पुनर्विकास के बाद गोटन स्टेशन अधिक स्वच्छ, व्यवस्थित और यात्री-अनुकूल बनेगा। यहां आधुनिक प्रतीक्षालय, बेहतर बैठने की व्यवस्था, स्वच्छ शौचालय, दिव्यांगजन सुविधाएं, डिजिटल सूचना बोर्ड और बेहतर प्रकाश व्यवस्था यात्रियों के सफर को अधिक आरामदायक बनाएंगी।

रेलवे के मुताबिक अमृत भारत स्टेशन योजना का उद्देश्य सिर्फ भवनों का नवीनीकरण नहीं, बल्कि रेलवे स्टेशनों को स्थानीय संस्कृति, विरासत और आधुनिक जरूरतों के अनुरूप विकसित करना है, ताकि यात्रियों को बेहतर यात्रा अनुभव मिल सके।