चलती ट्रेन पर पत्थर फेंककर यात्री को घायल करने वाला आरोपी गिरफ्तार, रेलवे सुरक्षा बल की 24 घंटे में बड़ी कार्रवाई

चलती ट्रेन पर पत्थर फेंककर यात्री को घायल करने वाला आरोपी गिरफ्तार, रेलवे सुरक्षा बल की 24 घंटे में बड़ी कार्रवाई

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नागपुर मंडल में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने चलती ट्रेन पर पत्थर फेंककर यात्री को घायल करने वाले आरोपी को सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। रेलवे ने इस कार्रवाई को यात्रियों की सुरक्षा के प्रति अपनी सतर्कता और प्रतिबद्धता का उदाहरण बताया है।

जानकारी के अनुसार 27 जून 2026 को गाड़ी संख्या 12833 अहमदाबाद?हावड़ा एक्सप्रेस के दिव्यांग कोच में यात्रा कर रहे एक यात्री पर तुमसर रोड रेलवे स्टेशन से ट्रेन के प्रस्थान के बाद एक व्यक्ति ने पत्थर फेंक दिया, जिससे यात्री घायल हो गया। घटना के तुरंत बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए मंडल सुरक्षा आयुक्त चेतन दिलीपराव जिचकार के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। इस टीम का नेतृत्व एलिजाबेथ पवार कर रही थीं, जबकि चौकी प्रभारी एस.एस. ढोके समेत अन्य कर्मियों ने जांच शुरू की।

जांच के दौरान विभिन्न स्टेशनों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। नागपुर रेलवे स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया, जिसकी पहचान घायल यात्री द्वारा की गई। इसके बाद गुप्त सूचना के आधार पर आरोपी के घर पहुंचकर पूछताछ की गई। आरोपी ने अपना नाम यश बर्वे बताया।

पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि यात्रा के दौरान दिव्यांग कोच में सीट को लेकर एक यात्री से विवाद हुआ था। इसी गुस्से में उसने तुमसर रोड स्टेशन पहुंचने के बाद ट्रेन चलने पर यात्री पर पत्थर फेंका। आरोपी के खिलाफ रेल अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई की गई।

रेलवे सुरक्षा बल ने कहा कि चलती ट्रेनों पर पत्थरबाजी अत्यंत गंभीर और दंडनीय अपराध है। इससे यात्रियों की जान को खतरा होने के साथ रेल संपत्ति को नुकसान और बड़ी दुर्घटना की आशंका बढ़ जाती है।

रेलवे ने नागरिकों और यात्रियों से अपील की है कि यदि कहीं भी रेलगाड़ियों पर पत्थरबाजी, रेलवे ट्रैक पर अवरोधक सामग्री रखने जैसी संदिग्ध गतिविधि दिखे तो इसकी सूचना तुरंत रेलवे हेल्पलाइन 139 या नजदीकी आरपीएफ पोस्ट को दें। रेलवे सुरक्षा बल ने भरोसा दिलाया है कि यात्रियों की सुरक्षा और सुरक्षित रेल संचालन सुनिश्चित करने के लिए सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।