हरदोई में अनियंत्रित होकर पलटा ऑटो, 6 वर्षीय मासूम की मौत, दो गंभीर घायल

हरदोई। शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र के रेभा मुरादपुर गांव के पास सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में ऑटो अनियंत्रित होकर खाई में पलट गया। हादसे में ऑटो के नीचे दबने से छह वर्षीय मासूम की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज हरदोई रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, पिहानी थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर भगत निवासी शिव प्रसाद अपने परिजनों के साथ थाना पाली क्षेत्र के महमदापुर गांव में बेटी के यहां आयोजित एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होकर ऑटो से घर लौट रहे थे। रास्ते में ऑटो चालक ने रेभा मुरादपुर के पास वाहन रोक दिया। इसी दौरान बताया जा रहा है कि किसी बच्चे ने ऑटो का एक्सीलेटर घुमा दिया, जिससे वाहन अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गया।
हादसे में मंचित (6) पुत्र लाला, शिव प्रसाद पुत्र पूरन तथा नितिन पुत्र शिव प्रसाद गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने मासूम मंचित को मृत घोषित कर दिया। जबकि शिव प्रसाद और नितिन की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज हरदोई रेफर कर दिया गया।
मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।