ऑपरेशन ‘नार्कोस’ में बड़ी कामयाबी: नैनपुर रेलवे यार्ड से डेढ़ लाख से अधिक का गांजा बरामद, आरपीएफ की सतर्कता से तस्करी पर प्रहार

नागपुर। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन नार्कोस के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए नैनपुर रेलवे यार्ड से 3.156 किलोग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 1 लाख 57 हजार 800 रुपये बताई जा रही है।

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नागपुर मंडल में चलाए जा रहे इस अभियान के तहत आरपीएफ लगातार रेलवे मार्गों के जरिए हो रही अवैध तस्करी पर नजर बनाए हुए है। मंडल सुरक्षा आयुक्त श्री चेतन दिलीपराव जिचकार के निर्देशन में आरपीएफ, राज्य पुलिस और अन्य कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ समन्वय बनाकर कार्रवाई कर रही है।

जानकारी के अनुसार, 24 जून की शाम नैनपुर रेलवे यार्ड में खड़े स्टेबल कोचों की नियमित जांच के दौरान आरपीएफ टीम को एक कोच के नीचे रेलवे ट्रैक पर काले रंग का लावारिस पिट्ठू बैग मिला। बैग की चेन आधी खुली थी और अंदर खाकी टेप से लिपटा एक संदिग्ध पैकेट दिखाई दिया। जांच के दौरान पैकेट से तेज गंध आने पर जब उसे खोला गया तो उसमें 3.156 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।

आरपीएफ टीम ने एनडीपीएस अधिनियम के तहत कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए बरामद गांजा जब्त कर आगे की कार्रवाई के लिए जीआरपी नैनपुर को सौंप दिया। मामले में अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

रेलवे सुरक्षा बल ने यात्रियों और आम नागरिकों से अपील की है कि रेलवे स्टेशन, ट्रेन या स्टेशन परिसर में किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, गतिविधि या लावारिस सामान की सूचना तुरंत आरपीएफ, ड्यूटी पर तैनात रेलवे कर्मचारियों या रेलवे हेल्पलाइन 139 पर दें। अधिकारियों का कहना है कि आम लोगों की सतर्कता से मादक पदार्थों की तस्करी और अन्य अवैध गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाई जा सकती है।