नागपुर मंडल में “संरक्षा के सजग प्रहरियों” का सम्मान, डीआरएम दीपक कुमार गुप्ता ने सराहा उत्कृष्ट कार्य

नागपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में सुरक्षित एवं संरक्षित रेल संचालन को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए नागपुर मंडल में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। मंगलवार को आयोजित मासिक संरक्षा समीक्षा बैठक के दौरान मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार गुप्ता ने रेल संरक्षा के क्षेत्र में सराहनीय योगदान देने वाले कर्मचारियों को सम्मानित किया।

इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक राजेश चिखले, वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी चेमस साहू,वरिष्ठ मंडल यांत्रिक अभियंता निखिलेश पवार सहित मंडल के अन्य शाखाधिकारी मौजूद रहे।

सम्मानित कर्मचारियों में यशपाल मेश्राम शामिल रहे, जिन्होंने 25 अप्रैल 2026 को Gondia Railway Station के प्लेटफॉर्म संख्या-03 पर वॉशेबल एप्रन डिस्मेंटलिंग कार्य के दौरान टूटे हुए ब्रैकेट इंसुलेटर को समय रहते पहचान लिया। उनकी सतर्कता से संबंधित अधिकारियों को तुरंत सूचना दी गई और ट्रेन संचालन रोककर संभावित बड़े हादसे को टाल दिया गया।

दूसरे सम्मानित कर्मचारी संजय रामदास चौधरी रहे, जिन्होंने 16 मई 2026 को मालगाड़ी निरीक्षण के दौरान वैगन संख्या ECR-86101065063 में सेंटर पिवट टॉप प्लेट पिन टूटा हुआ पाया। उन्होंने तत्काल कंट्रोल को सूचना देकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित कराई, जिससे संबंधित वैगन को ?सिक? मार्क कर परिचालनिक खतरे को टाल दिया गया।

मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार गुप्ता ने सम्मानित कर्मचारियों की सतर्कता, जिम्मेदारी और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना करते हुए कहा कि रेल संरक्षा प्रत्येक रेलकर्मी की सामूहिक जिम्मेदारी है और ऐसे सजग कर्मचारियों के प्रयास सुरक्षित रेल संचालन की मजबूत नींव हैं। उन्होंने सभी कर्मचारियों से संरक्षा के प्रति इसी प्रकार समर्पित और सतर्क रहने का आह्वान किया।

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के इस सम्मान समारोह ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि रेल सुरक्षा में कर्मचारियों की जागरूकता और तत्परता ही सुरक्षित यात्रा की सबसे बड़ी गारंटी है।