मारपीट के आरोपियों पर मेडिकल परीक्षण के आधार पर कार्रवाई की मांग, एसपी से लगाई गुहार

मारपीट के आरोपियों पर मेडिकल परीक्षण के आधार पर कार्रवाई की मांग, एसपी से लगाई गुहार

मैनपुरी। कोतवाली क्षेत्र के नया नगला इटौरा निवासी पंकज पुत्र श्रीदयाल ने शनिवार को एसपी कार्यालय पहुंचकर पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर बताया है कि मेडिकल परीक्षण के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने तथा दोबारा हुई मारपीट की घटना में भी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।

पीड़ित ने शनिवार को एसपी कार्यालय पहुंचकर एसपी को दिए गये प्रार्थना पत्र में बताया है कि प्रार्थी के घर के सामने इंटरलॉकिंग मार्ग के किनारे बनी नाली से घर का पानी निकलता है। पीड़ित का आरोप है कि गांव के लज्जाराम के पुत्र हीरालाल, योगेंद्र पुत्र रामकुमार व कुलदीप पुत्रगण लज्जाराम नाली से पानी नहीं निकलने देते है। जिससे लंबे समय से विवाद चला आ रहा है। पीड़ित का आरोप है कि 25 जून 2026 की रात करीब 8 बजे उसकी तीन माह की गर्भवती पत्नी नीलम देवी घर पर बर्तन साफ कर रही थीं। इसी दौरान पानी नाली में जाने को लेकर उक्त सभी लोग एक राय होकर घर में घुस आए और गाली-गलौज करते हुए लात-घूंसों व डंडों से मारपीट की। बीच-बचाव करने आई बहन अस्मिता के सिर पर कथित रूप से कुल्हाड़ी से वार किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। जिला अस्पताल में कराए गए चिकित्सीय परीक्षण के दौरान उसके सिर में पांच टांके आए।
प्रार्थी ने बताया कि घटना के संबंध में कोतवाली मैनपुरी में 25 जून 2026 को धारा 115(2) व 352 के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई थी। आरोप है कि पुलिस ने कुछ आरोपियों को पकड़ने के बाद छोड़ दिया।
प्रार्थना पत्र में यह भी आरोप लगाया गया है कि उसी रात रिपोर्ट दर्ज कराने के बाद आरोपी दोबारा घर पर आए और अपने परिजनों करन, सनी, गुंजन, आरती तथा ममता के साथ मिलकर फिर से मारपीट की तथा रिपोर्ट वापस न लेने पर जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित का कहना है कि दोबारा शिकायत करने के बावजूद कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।
पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि मेडिकल परीक्षण के आधार पर आरोपियों के विरुद्ध उचित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाए तथा उसके परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित कराई जाए।

फोटो परिचय:- एसपी को शिकायती पत्र देने के बाद पीड़ित परिजन।