महिला से शादी की जिद में 200 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ा युवक, छह घंटे बाद उतारा गया

कायमगंज (फर्रुखाबाद)। महिला से शादी की जिद को लेकर एक युवक बुधवार सुबह 200 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गया। करीब छह घंटे तक चले इस हाई-वोल्टेज ड्रामे के दौरान मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई और फर्रुखाबाद-कायमगंज मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा। पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया।

पुलिस के अनुसार, युवक की पहचान उत्तराखंड के अल्मोड़ा जनपद निवासी चंदन शेखावत (30) पुत्र मोहन राम के रूप में हुई है। युवक ने पुलिस को बताया कि वह पहले कायमगंज में एक सर्राफा व्यापारी के यहां काम करता था। उसी दौरान उसकी पहचान एक महिला से हुई थी, जो वहां खाना बनाने आती थी। युवक का दावा है कि दोनों के बीच घनिष्ठ संबंध हो गए थे।

युवक के अनुसार, कुछ समय पहले वह महिला के साथ रहा था। बाद में महिला को एटा में उसकी बहन के घर छोड़ने के बाद वह मुंबई चला गया, जहां वह एक होटल में कुक के रूप में काम कर रहा था। युवक का कहना है कि लंबे समय से महिला से संपर्क न होने के कारण वह मंगलवार रात मुंबई से कायमगंज पहुंचा और बुधवार सुबह करीब पांच बजे पुल गालिब क्षेत्र स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गया।

टावर पर पहुंचने के बाद युवक ने स्वयं डायल-112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला पुलिस बल और फायर ब्रिगेड टीम के साथ मौके पर पहुंचे। युवक को नीचे उतारने के लिए लगातार समझाने का प्रयास किया गया।

इस दौरान बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए। लोगों की भीड़ और वाहनों के रुकने से कुछ समय के लिए फर्रुखाबाद-कायमगंज मुख्य मार्ग पर जाम की स्थिति बन गई। पुलिस ने यातायात को सुचारु कराने के साथ-साथ युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास जारी रखे।

करीब छह घंटे की समझाइश के बाद युवक सुबह लगभग 11 बजे टावर से नीचे उतर आया। इसके बाद पुलिस उसे थाने ले गई। प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार संबंधित महिला अपने पति के साथ गाजियाबाद में रह रही है। उससे संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है।