ई-रजिस्ट्री और निबंधन मित्र व्यवस्था के विरोध में अधिवक्ताओं, बैनामा लेखकों व स्टांप विक्रेताओं का बहिष्कार

कायमगंज। सरकार द्वारा लागू की गई ई-रजिस्ट्री एवं निबंधन मित्र व्यवस्था के विरोध में बुधवार को रेवेन्यू बार एसोसिएशन तहसील इकाई कायमगंज, दस्तावेज लेखक संघ तथा स्टांप विक्रेताओं ने बैनामा लेखन और स्टांप विक्रय कार्य का पूर्ण बहिष्कार किया। विरोध स्वरूप किसी भी अधिवक्ता अथवा बैनामा लेखक ने बैनामा लेखन से संबंधित कार्य नहीं किया, वहीं स्टांप विक्रेताओं ने भी स्टांप बिक्री बंद रखी।

इस दौरान आयोजित बैठक में वक्ताओं ने कहा कि सरकार द्वारा लागू की गई नई व्यवस्था से अधिवक्ताओं, बैनामा लेखकों और स्टांप विक्रेताओं के हित प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने सरकार से ई-रजिस्ट्री एवं निबंधन मित्र व्यवस्था से संबंधित आदेश वापस लेने की मांग की।

बैठक में निर्णय लिया गया कि जब तक सरकार उक्त व्यवस्था को वापस नहीं लेती, तब तक तहसील क्षेत्र के अधिवक्ता, बैनामा लेखक एवं स्टांप विक्रेता पूर्ण रूप से बहिष्कार जारी रखेंगे और बैनामा लेखन का कार्य नहीं करेंगे।

बैठक में रेवेन्यू बार एसोसिएशन के अध्यक्ष विश्वेश्वर दयाल यादव, महासचिव अवनीश कुमार गंगवार, शिवमंगल बाथम, इंद्रेश गंगवार, लज्जाराम जाटव, मनोज तिवारी सहित अनेक अधिवक्ता, बैनामा लेखक, दस्तावेज लेखक तथा स्टांप विक्रेता मौजूद रहे।