सेंट्रल रेलवे के महाप्रबंधक ने सांसदों के साथ की महत्वपूर्ण बैठक, यात्री सुविधाओं और रेलवे विकास कार्यों पर हुई चर्चा

सेंट्रल रेलवे के महाप्रबंधक ने सांसदों के साथ की महत्वपूर्ण बैठक, यात्री सुविधाओं और रेलवे विकास कार्यों पर हुई चर्चा

मुंबई। सेंट्रल रेलवे के महाप्रबंधक राजीव श्रीवास्तव ने 25 जून 2026 को मुंबई स्थित सेंट्रल रेलवे मुख्यालय भवन के चिंतन सम्मेलन कक्ष में सांसदों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। इस बैठक में रेलवे से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।

महाप्रबंधक राजीव श्रीवास्तव ने विभागाध्यक्षों तथा मुंबई मंडल के अधिकारियों के साथ बैठक में शामिल सांसदों से रेलवे के विकास कार्यों, यात्री सुविधाओं और भविष्य की योजनाओं को लेकर विचार-विमर्श किया। बैठक में सांसद श्रीरंग आप्पा चंदू बारणे, अनिल देसाई, उज्ज्वल निकम, राजाभाऊ प्रकाश वाजे, सुरेश म्हात्रे (बाल्या मामा) और नरेश म्हास्के उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान सांसदों ने यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने, रेलवे स्टेशनों के सुधार एवं आधुनिकीकरण, रेलवे आधारभूत ढांचे के विकास, सुरक्षा एवं संरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने, मुंबई मंडल में चल रहे विकास कार्यों तथा रेलवे से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर अपने सुझाव रखे।

बैठक की शुरुआत में महाप्रबंधक राजीव श्रीवास्तव ने सभी सांसदों का शॉल और श्रीफल भेंट कर स्वागत किया। इस अवसर पर मुंबई मंडल के मंडल रेल प्रबंधक हिरेश मीणा, विभिन्न विभागों के प्रमुख अधिकारी तथा सेंट्रल रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार जनप्रतिनिधियों के साथ इस प्रकार की बैठकों से रेलवे सेवाओं को और बेहतर बनाने तथा यात्रियों की जरूरतों के अनुरूप विकास कार्यों को गति देने में मदद मिलती है।

यह जानकारी सेंट्रल रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डॉ. स्वप्निल नीला द्वारा दी गई।