मानसून की तैयारी में जुटी मध्य रेल, भांडुप में पुलिया से कीचड़ हटाने का काम पूरा

मानसून की तैयारी में जुटी मध्य रेल, भांडुप में पुलिया से कीचड़ हटाने का काम पूरा

मुंबई, 19 जून 2026। मध्य रेल ने मानसून 2026 की तैयारियों के तहत बड़ा कदम उठाते हुए भांडुप स्थित उषा नगर पुलिया से कीचड़ और मलबा हटाने का काम सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है। यह कार्य रेलवे ट्रैक पर बारिश के दौरान जलभराव रोकने और रेल संचालन को सुरक्षित बनाए रखने के उद्देश्य से किया गया।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार भांडुप स्टेशन के पास पुल संख्या 27/1 पर स्थित उषा नगर पुलिया की सफाई के लिए आधुनिक रिमोट नियंत्रित स्विंग लोडर मशीन का उपयोग किया गया। यह अत्याधुनिक मशीन रेलवे पुलियों की सफाई के लिए बेहद उपयोगी मानी जाती है और सीमित स्थानों में भी सुरक्षित तरीके से कार्य कर सकती है।

इस मशीन की विशेषता यह है कि इसे ऑपरेटर पुलिया के बाहर सुरक्षित स्थान से रिमोट के माध्यम से संचालित करता है। इससे कर्मचारियों का कीचड़ और मलबे के सीधे संपर्क से बचाव होता है और जोखिम भी कम हो जाता है। मशीन का रिमोट लगभग 80 मीटर तक काम करता है और यह मिट्टी, पत्थर, लकड़ी तथा पानी में बहकर आए भारी मलबे को आसानी से निकाल सकती है।

रेलवे ने बताया कि उषा नगर पुलिया में कुल चार खांचे हैं, जिनका आकार लगभग ढाई मीटर गुणा तीन मीटर है। इस सफाई कार्य की शुरुआत वर्ष 2024 में मानसून से पहले की गई थी। वर्ष 2025 तक तीन खांचों की सफाई पूरी कर ली गई थी और अब शेष बचे अंतिम खांचे का काम भी पूरा कर लिया गया है।

यह पूरा कार्य बृहन्मुंबई महानगरपालिका के सहयोग से किया गया। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि मानसून के दौरान सुरक्षित और निर्बाध रेल संचालन सुनिश्चित करने के लिए इस तरह के कार्य लगातार किए जा रहे हैं।

डॉ. स्वप्नील निला ने बताया कि आधुनिक तकनीक के उपयोग से कर्मचारियों की सुरक्षा बढ़ी है और सफाई कार्य की गति व गुणवत्ता में भी सुधार हुआ है। मध्य रेल यात्रियों की सुरक्षा और मानसून में सुचारू रेल संचालन सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह तैयार है।