यात्रियों के लिए बड़ी राहत: मध्य रेल चलाएगा कोंकण और नागपुर के लिए 4 विशेष सप्ताहांत ट्रेनें

यात्रियों के लिए बड़ी राहत: मध्य रेल चलाएगा कोंकण और नागपुर के लिए 4 विशेष सप्ताहांत ट्रेनें

मुंबई से करमाली और नागपुर के लिए शुरू होंगी विशेष रेल सेवाएं, बढ़ती यात्री भीड़ को देखते हुए रेलवे का फैसला

मुंबई। यात्रियों की बढ़ती मांग और अतिरिक्त भीड़ को ध्यान में रखते हुए मध्य रेल ने मुंबई से कोंकण और नागपुर के लिए 4 विशेष सप्ताहांत रेल सेवाएं चलाने का निर्णय लिया है। इन विशेष ट्रेनों के संचालन से यात्रियों को यात्रा में बड़ी सुविधा मिलेगी। इसकी जानकारी मध्य रेल के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डॉ. स्वप्नील निला ने दी।

रेलवे के अनुसार छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस-करमाली-छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस विशेष सप्ताहांत ट्रेन की 2 सेवाएं चलाई जाएंगी। ट्रेन संख्या 01129 दिनांक 26 जून 2026 को रात 12 बजकर 20 मिनट पर मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस से रवाना होगी और उसी दिन दोपहर 2 बजकर 40 मिनट पर करमाली पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 01130 दिनांक 28 जून 2026 को शाम 4 बजकर 30 मिनट पर करमाली से रवाना होकर अगले दिन सुबह 5 बजकर 25 मिनट पर मुंबई पहुंचेगी।

यह ट्रेन दादर, ठाणे, पनवेल, पेन, रोहा, मानगांव, वीर, खेड़, चिपलून, सावरदा, अरावली रोड, संगमेश्वर रोड, रत्नागिरी, अडवली, विलवडे, राजापुर रोड, वैभववाड़ी रोड, कंकावली, सिंधुदुर्ग, कुडाल, सावंतवाड़ी रोड और थिविम स्टेशनों पर रुकेगी। ट्रेन में वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी, वातानुकूलित तृतीय श्रेणी, शयनयान, सामान्य द्वितीय श्रेणी तथा गार्ड ब्रेक वैन सहित कुल विभिन्न श्रेणियों के डिब्बे लगाए जाएंगे।

इसी प्रकार छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस-नागपुर-छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस विशेष सप्ताहांत ट्रेन की भी 2 सेवाएं संचालित होंगी। ट्रेन संख्या 01021 दिनांक 27 जून 2026 को रात 12 बजकर 30 मिनट पर मुंबई से रवाना होगी और उसी दिन शाम 3 बजकर 45 मिनट पर नागपुर पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 01022 दिनांक 27 जून 2026 को रात 9 बजकर 40 मिनट पर नागपुर से रवाना होकर अगले दिन दोपहर 1 बजकर 50 मिनट पर मुंबई पहुंचेगी।

यह ट्रेन दादर, ठाणे, कल्याण, नासिक रोड, मनमाड, जलगांव, भुसावल, मलकापुर, शेगांव, अकोला, मूर्तिजापुर, बडनेरा, धामनगांव और वर्धा स्टेशनों पर ठहराव करेगी। इसमें प्रथम वातानुकूलित, द्वितीय वातानुकूलित, तृतीय वातानुकूलित, शयनयान तथा द्वितीय श्रेणी बैठने की व्यवस्था उपलब्ध रहेगी।