अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर मध्य रेल में उत्साह, अधिकारियों-कर्मचारियों ने किया सामूहिक योगाभ्यास

मुंबई।मध्य रेल ने रविवार को 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 पूरे उत्साह और उमंग के साथ मनाया। इस वर्ष योग दिवस की थीम ?स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग? रखी गई, जिसके तहत रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से देशभर के लोगों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि 21 जून अब दुनिया का सबसे बड़ा सामुदायिक उत्सव दिवस बन चुका है और योग सीमाओं, संस्कृतियों तथा आयु वर्गों से परे पूरी मानवता को जोड़ने का माध्यम है।

मुंबई के भायखला स्थित निर्मल पार्क ऑफिसर्स क्लब में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में मध्य रेल के महाप्रबंधक राजीव श्रीवास्तव, अपर महाप्रबंधक प्रतीक गोस्वामी सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने प्रधानमंत्री का संबोधन सुना। इसके बाद आयुष मंत्रालय द्वारा निर्धारित कॉमन योगा प्रोटोकॉल के तहत सामूहिक योग सत्र आयोजित किया गया।

इसी तरह मध्य रेल के विभिन्न मंडलों और कार्यशालाओं में भी योग कार्यक्रम आयोजित किए गए। रेलवे प्रशासन ने सोशल मीडिया के माध्यम से योग के लाभों और जागरूकता को बढ़ावा दिया।

मध्य रेल ने कहा कि योग शरीर, मन, बुद्धि और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित कर स्वास्थ्य और कल्याण का मार्ग प्रशस्त करता है। इस आयोजन के जरिए रेलवे ने कर्मचारियों के स्वास्थ्य और बेहतर कार्य संस्कृति के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया।

इस अवसर पर मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डॉ. स्वप्निल निला ने बताया कि मध्य रेल भविष्य में भी कर्मचारियों और आमजन के समग्र कल्याण के लिए ऐसे कार्यक्रम जारी रखेगी।