यात्रियों को बड़ी राहत: रेलवे ने तीन जोड़ी स्पेशल ट्रेनों की अवधि बढ़ाई, सफर होगा आसान

यात्रियों को बड़ी राहत: रेलवे ने तीन जोड़ी स्पेशल ट्रेनों की अवधि बढ़ाई, सफर होगा आसान

यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए रेलवे ने सफर करने वाले लोगों को बड़ी राहत दी है। यात्रियों की सुविधा के लिए तीन जोड़ी स्पेशल रेल सेवाओं के संचालन की अवधि बढ़ाने का फैसला लिया गया है। यह निर्णय अतिरिक्त यात्री यातायात को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार, पहली ट्रेन गाड़ी संख्या 08611/08612 संतरागाछी-अजमेर-संतरागाछी साप्ताहिक स्पेशल रेलसेवा है, जिसका संचालन अब संतरागाछी से 6 जुलाई 2026 से 28 सितंबर 2026 तक कुल 11 ट्रिप और अजमेर से 9 जुलाई 2026 से 1 अक्टूबर 2026 तक कुल 11 ट्रिप किया जाएगा।

दूसरी ट्रेन गाड़ी संख्या 09523/09524 ओखा-शकूरबस्ती-ओखा सुपरफास्ट साप्ताहिक स्पेशल रेलसेवा है। इस ट्रेन का संचालन ओखा से 7 जुलाई 2026 से 28 जुलाई 2026 तक 4 ट्रिप तथा शकूरबस्ती से 8 जुलाई 2026 से 29 जुलाई 2026 तक 4 ट्रिप बढ़ाया गया है।

तीसरी ट्रेन गाड़ी संख्या 09257/09258 भावनगर टर्मिनस-शकूरबस्ती-भावनगर टर्मिनस साप्ताहिक स्पेशल रेलसेवा है। इसका संचालन भावनगर टर्मिनस से 3 जुलाई 2026 से 31 जुलाई 2026 तक 5 ट्रिप तथा शकूरबस्ती से 4 जुलाई 2026 से 1 अगस्त 2026 तक 5 ट्रिप जारी रहेगा।

रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इन सभी स्पेशल ट्रेनों के समय और ठहराव में कोई बदलाव नहीं किया गया है, सभी सेवाएं पहले की तरह निर्धारित समय पर संचालित होंगी। रेलवे के इस फैसले से लंबी दूरी के यात्रियों को काफी सुविधा मिलने की उम्मीद है।