रेलवे में बड़ा बदलाव: अब रविवार को हो सकता है मेगा ब्लॉक, यात्रियों की परेशानी होगी कम

रेलवे में बड़ा बदलाव: अब रविवार को हो सकता है मेगा ब्लॉक, यात्रियों की परेशानी होगी कम

बीकानेर। भारतीय रेलवे में ट्रैक और अन्य संसाधनों की देखरेख व्यवस्था को और अधिक आधुनिक और प्रभावी बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने रेलवे की रॉलिंग ब्लॉक प्रणाली में सुधार को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा की है, जिससे भविष्य में यात्रियों को कम असुविधा होगी।

जानकारी के अनुसार रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने 21 जून 2026 को बीकानेर से जयपुर तक निरीक्षण दौरे के दौरान युवा रेलवे अधिकारियों के साथ विस्तृत बैठक की। इस दौरान रेलवे की मौजूदा रॉलिंग ब्लॉक व्यवस्था को अधिक प्रभावी, यात्री केंद्रित और आधुनिक बनाने के लिए कई सुझावों पर चर्चा हुई।

वर्तमान में रेलवे ट्रैक, सिग्नलिंग सिस्टम, विद्युतीकृत रेल लाइनों और अन्य तकनीकी संसाधनों के रखरखाव के लिए 26 सप्ताह की रॉलिंग ब्लॉक योजना बनाई जाती है। इस दौरान कई ट्रेनों को रद्द, आंशिक रद्द या मार्ग परिवर्तित करना पड़ता है, जिससे यात्रियों को असुविधा होती है।

बैठक में अधिकारियों ने सुझाव दिया कि रॉलिंग ब्लॉक व्यवस्था में सुधार करते हुए रविवार या किसी पूर्व निर्धारित दिन ?मेगा ब्लॉक? की व्यवस्था लागू की जाए। अधिकारियों का मानना है कि रविवार को यात्रियों की आवाजाही अपेक्षाकृत कम रहती है, जिससे ट्रेनों के संचालन पर कम असर पड़ेगा और यात्रियों की परेशानी भी कम होगी।

इसके अलावा यह सुझाव भी दिया गया कि अलग-अलग रखरखाव कार्यों के लिए बार-बार ब्लॉक लेने के बजाय एक ही मेगा ब्लॉक में ट्रैक, सिग्नलिंग, ओएचई और अन्य तकनीकी कार्य एक साथ किए जाएं। इससे कार्यों में बेहतर समन्वय होगा और रेलवे संसाधनों का अधिक प्रभावी उपयोग हो सकेगा।

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने अधिकारियों के इन सुझावों की सराहना करते हुए इसे महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने उत्तर पश्चिम रेलवे में इस व्यवस्था को प्रायोगिक आधार पर लागू करने के निर्देश दिए हैं। यदि यह प्रयोग सफल रहता है तो भविष्य में इसे चरणबद्ध तरीके से पूरे भारतीय रेल नेटवर्क में लागू किया जा सकता है।

यह पहल भारतीय रेलवे की रखरखाव व्यवस्था को आधुनिक बनाने के साथ-साथ यात्रियों को होने वाली असुविधा को कम करने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है।