विश्व बाल श्रम निषेध दिवस पर जागरूकता रैली व समूह चर्चा का आयोजन।

बहराइच। जिले के विशेश्वरगंज विकासखंड अंतर्गत ग्राम कंचर प्रथम में विश्व बाल श्रम निषेध दिवस के अवसर पर मिलान फाउंडेशन द्वारा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 27 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जिनमें 20 किशोरियां एवं 7 अभिभावक शामिल रहे। इस अवसर पर रैली, समूह चर्चा तथा वीडियो प्रदर्शन के माध्यम से बाल श्रम निषेध एवं अनिवार्य शिक्षा के प्रति जागरूकता फैलाई गई।कार्यक्रम के दौरान मिलान फाउंडेशन के उद्देश्यों एवं गतिविधियों की जानकारी दी गई। समूह चर्चा में बाल श्रम के दुष्प्रभावों, बच्चों के अधिकारों तथा सभी बच्चों के लिए गुणवत्तापूर्ण एवं अनिवार्य शिक्षा की आवश्यकता पर विस्तार से चर्चा की गई। गर्ल लीडर ने चर्चा का संचालन करते हुए किशोरियों को शिक्षा के महत्व और उनके भविष्य पर इसके सकारात्मक प्रभावों के बारे में जागरूक किया।वीडियो प्रदर्शन के माध्यम से प्रतिभागियों को बाल श्रम से होने वाले नुकसान और शिक्षा के लाभों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में उपस्थित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता (AWW), अभिभावकों एवं समुदाय के सदस्यों ने भी अपने विचार साझा किए।इस दौरान बच्चों को बाल श्रम से दूर रखकर विद्यालय से जोड़ने, नियमित शिक्षा सुनिश्चित करने तथा समुदाय स्तर पर बाल श्रम रोकने के लिए सामूहिक प्रयास करने पर जोर दिया गया। अभिभावकों ने बच्चों की शिक्षा को प्राथमिकता देने और उन्हें बाल श्रम से दूर रखने का आश्वासन दिया।कार्यक्रम के अंत में किशोरियों ने अपनी शिक्षा जारी रखने तथा अन्य बच्चों को भी जागरूक करने का संकल्प लिया। प्रतिभागियों ने विषय में गहरी रुचि दिखाई और बाल श्रम मुक्त एवं शिक्षित गांव बनाने के लिए सहयोग का भरोसा जताया।