समदड़ी-लूनी रेलखंड पर निर्माण कार्य के चलते कई ट्रेनें प्रभावित, कुछ रद्द तो कई के मार्ग बदले

समदड़ी-लूनी रेलखंड पर निर्माण कार्य के चलते कई ट्रेनें प्रभावित, कुछ रद्द तो कई के मार्ग बदले

उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल में समदड़ी-लूनी रेलखंड के बीच सतलाना यार्ड स्थित समपार फाटक संख्या 227 पर रेल अंडर ब्रिज (आरयूबी) निर्माण कार्य किया जा रहा है। इस कार्य के लिए रेलवे द्वारा ब्लॉक लिया जा रहा है, जिसके चलते कई रेल सेवाएं अस्थायी रूप से प्रभावित रहेंगी। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति की जानकारी लेने की अपील की है।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि निर्माण कार्य के कारण कुछ ट्रेनों को रद्द, कुछ को आंशिक रूप से रद्द, कुछ का मार्ग परिवर्तित और एक ट्रेन को निर्धारित समय से देरी से चलाया जाएगा।

दो रेल सेवाएं रहेंगी पूरी तरह रद्द

रेलवे के अनुसार गाड़ी संख्या 74839 भगत की कोठी-बाड़मेर रेलसेवा 23 जून 2026 को पूरी तरह रद्द रहेगी। वहीं गाड़ी संख्या 74840 बाड़मेर-भगत की कोठी रेलसेवा 24 जून 2026 को रद्द रहेगी।

दो रेल सेवाएं आंशिक रूप से रहेंगी रद्द

गाड़ी संख्या 14896 बाड़मेर-भगत की कोठी रेलसेवा 23 जून को बाड़मेर से चलकर केवल समदड़ी स्टेशन तक ही संचालित होगी। इस कारण यह सेवा समदड़ी से भगत की कोठी के बीच आंशिक रूप से रद्द रहेगी।

इसी तरह गाड़ी संख्या 14893 भगत की कोठी-बाड़मेर रेलसेवा 23 जून को भगत की कोठी के स्थान पर समदड़ी स्टेशन से शुरू होगी। यानी यह सेवा भगत की कोठी से समदड़ी के बीच रद्द रहेगी।

दो एक्सप्रेस ट्रेनों का मार्ग बदला गया

गाड़ी संख्या 20485 जैसलमेर-साबरमती एक्सप्रेस 23 जून को परिवर्तित मार्ग लूनी-मारवाड़-महेसाणा होकर संचालित होगी। यह ट्रेन परिवर्तित मार्ग में पाली मारवाड़, मारवाड़ जंक्शन, रानी, फालना, सुमेरपुर जवाई बांध, पिंडवाड़ा, आबूरोड, पालनपुर, सिद्धपुर और ऊंझा स्टेशन पर रुकेगी। वहीं मार्ग परिवर्तन के कारण यह दूदड़ा, समदड़ी, मोकलसर, जालोर, मोदरान, मारवाड़ भीनमाल, रानीवाड़ा, धनेरा, भीलड़ी और पाटन स्टेशन पर ठहराव नहीं करेगी।

इसी प्रकार गाड़ी संख्या 20486 साबरमती-जैसलमेर एक्सप्रेस 23 जून को महेसाणा-मारवाड़-लूनी मार्ग से चलेगी। यह ट्रेन ऊंझा, सिद्धपुर, पालनपुर, आबूरोड, पिंडवाड़ा, सुमेरपुर जवाई बांध, फालना, रानी, मारवाड़ जंक्शन और पाली मारवाड़ स्टेशन पर रुकेगी। जबकि पाटन, भीलड़ी, धनेरा, रानीवाड़ा, मारवाड़ भीनमाल, मोदरान, जालोर, मोकलसर, समदड़ी और दूदड़ा स्टेशनों पर ठहराव नहीं होगा।

एक ट्रेन देरी से चलेगी

गाड़ी संख्या 14887 ऋषिकेश-बाड़मेर एक्सप्रेस 22 जून 2026 को अपने निर्धारित समय से 2 घंटे देरी से रवाना होगी।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि यात्रा शुरू करने से पहले रेलवे की अधिकृत पूछताछ सेवा या हेल्पलाइन के माध्यम से अपनी ट्रेन की स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके। रेलवे का कहना है कि यह निर्माण कार्य भविष्य में सुरक्षित और बेहतर रेल संचालन के लिए किया जा रहा है।