स्वस्थ वृद्धावस्था और बेहतर स्वास्थ्य के लिए पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे ने मनाया अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस

स्वस्थ वृद्धावस्था और बेहतर स्वास्थ्य के लिए पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे ने मनाया अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस

मालीगांव। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे ने 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर पूरे उत्साह और गरिमा के साथ विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया। इस अवसर पर रेलवे मुख्यालय, सभी मंडलों, कारखानों और अन्य रेल प्रतिष्ठानों में सामूहिक योगाभ्यास कर स्वास्थ्य, फिटनेस और संतुलित जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।

इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 की थीम ?स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग? रखी गई। यह विषय जीवनभर शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक संतुलन और भावनात्मक मजबूती बनाए रखने में योग की महत्वपूर्ण भूमिका को दर्शाता है। योग न केवल शरीर को लचीला और मजबूत बनाता है, बल्कि यह एक स्वस्थ और सक्रिय जीवनशैली अपनाने के लिए भी प्रेरित करता है।

पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे मुख्यालय मालीगांव स्थित रेलवे इंडोर स्टेडियम में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के महाप्रबंधक चेतन कुमार श्रीवास्तव ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ भाग लिया। कार्यक्रम में रेल अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिवारजनों ने विभिन्न योगासन और प्राणायाम कर स्वस्थ जीवन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखाई।

इसके साथ ही एनएफआर निर्माण संगठन द्वारा भी महाप्रबंधक (निर्माण) आशीष बंसल के नेतृत्व में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम आयोजित किया गया। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के सभी पांच मंडलों में भी इसी प्रकार के योग कार्यक्रम आयोजित हुए, जिनमें हजारों कर्मचारियों और उनके परिवारों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

रेलवे प्रशासन ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवन, मानसिक शांति और प्रकृति के साथ संतुलन स्थापित करने का प्रभावी माध्यम है। यह निवारक स्वास्थ्य सेवा को बढ़ावा देने के साथ जीवन की गुणवत्ता सुधारने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

21 जून, जो उत्तरी गोलार्द्ध का सबसे लंबा दिन माना जाता है, संतुलन, स्वास्थ्य और सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक है। इसी संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से भी आम लोगों के बीच योग के लाभों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया और लोगों से दैनिक जीवन में योग अपनाने की अपील की।

मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कपिंजल किशोर शर्मा ने बताया कि रेलवे का उद्देश्य कर्मचारियों के साथ-साथ समाज के हर वर्ग तक स्वस्थ जीवन और योग का संदेश पहुंचाना है, ताकि अधिक से अधिक लोग योग को अपनाकर निरोग और संतुलित जीवन जी सकें।