पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे की बड़ी कार्रवाई, 19 अभियानों में 62.45 लाख रुपये से अधिक का प्रतिबंधित सामान बरामद, 8 नाबालिगों को बचाया गया

मालीगांव। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के रेलवे सुरक्षा बल ने रेलवे एवं यात्री सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए 9 और 10 जून 2026 को चलाए गए विशेष अभियानों में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। असम, बिहार, त्रिपुरा, नागालैंड और पश्चिम बंगाल के विभिन्न रेलवे स्टेशनों एवं ट्रेनों में चलाए गए इन अभियानों के दौरान आरपीएफ ने कुल 19 सफल कार्रवाई करते हुए 62.45 लाख रुपये से अधिक मूल्य का प्रतिबंधित सामान बरामद किया, साथ ही 8 नाबालिगों को सुरक्षित रेस्क्यू किया।

रेलवे सुरक्षा बल द्वारा चलाए गए इन अभियानों में मादक पदार्थों की तस्करी रोकने, अपराध नियंत्रण, यात्री सुरक्षा और मानव तस्करी जैसे मामलों में प्रभावी कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान करीब 6.33 लाख रुपये मूल्य का 12.666 किलोग्राम गांजा, 55.84 लाख रुपये से अधिक मूल्य की 279.21 ग्राम ब्राउन शुगर, तथा लगभग 28 हजार रुपये कीमत की 155 बोतल अवैध शराब बरामद की गई। इसके अलावा 45 हजार रुपये से अधिक कीमत के चोरी हुए तीन मोबाइल फोन भी बरामद किए गए।

इन अभियानों के दौरान 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि 8 नाबालिगों को सुरक्षित बचाया गया, जिनमें 5 लड़के और 3 लड़कियां शामिल हैं। इसके साथ ही संकट में फंसे तीन यात्रियों को समय पर चिकित्सीय सहायता भी उपलब्ध कराई गई।

इस दौरान सबसे बड़ी सफलता उस समय मिली जब आरपीएफ ने जीआरपी और एसआईबी के साथ संयुक्त अभियान चलाकर बदरपुर रेलवे स्टेशन पर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से 55.84 लाख रुपये से अधिक मूल्य की 279.21 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई। इसके बाद आरोपी को एनडीपीएस अधिनियम 1985 के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपी के हवाले कर दिया गया।

यात्री सुरक्षा के क्षेत्र में भी आरपीएफ ने सराहनीय कार्य किया। न्यू जलपाईगुड़ी, अररिया और तिनसुकिया रेलवे स्टेशनों पर तीन यात्रियों को तत्काल चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराई गई। रेल चिकित्सा कर्मियों और स्थानीय स्वास्थ्य सेवाओं के समन्वय से घायल यात्रियों को प्राथमिक उपचार एवं आवश्यक चिकित्सा सुविधा दी गई।

पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे ने कहा कि ये सफल अभियान रेलवे परिसर को अधिक सुरक्षित, संरक्षित और यात्री केंद्रित बनाने की दिशा में रेलवे सुरक्षा बल की सतर्कता, त्वरित कार्रवाई और मजबूत प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं।

मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कपिंजल किशोर शर्मा ने बताया कि रेलवे सुरक्षा बल भविष्य में भी यात्रियों की सुरक्षा, अपराध नियंत्रण और रेलवे परिसरों में सुरक्षित माहौल बनाए रखने के लिए लगातार इसी प्रकार अभियान चलाता रहेगा।