एलटीटी स्टेशन पर 56 घंटे का मेगा ब्लॉक, कई ट्रेनों के समय में बदलाव, कुछ ट्रेनें ठाणे तक ही जाएंगी

एलटीटी स्टेशन पर 56 घंटे का मेगा ब्लॉक, कई ट्रेनों के समय में बदलाव, कुछ ट्रेनें ठाणे तक ही जाएंगी

मध्य रेलवे ने यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत बनाने के लिए लोकमान्य तिलक टर्मिनस (एलटीटी), मुंबई पर 24 जून से 26 जून 2026 तक 56 घंटे का विशेष ट्रैफिक ब्लॉक घोषित किया है। इस दौरान स्टेशन पर कई महत्वपूर्ण निर्माण और तकनीकी कार्य किए जाएंगे, जिसके चलते कई मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों के संचालन पर असर पड़ेगा।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार यह विशेष ब्लॉक 24 जून सुबह 8 बजे से 26 जून शाम 4 बजे तक जारी रहेगा। इस दौरान शंटिंग नेक निर्माण, मेंटेनेंस साइडिंग यार्ड में बदलाव, पिट लाइनों का विस्तार, पानी की सप्लाई लाइन, ड्रेनेज और स्टॉर्म वॉटर लाइन को दूसरी ओर शिफ्ट करने जैसे महत्वपूर्ण कार्य किए जाएंगे।

इस ब्लॉक का असर कई लंबी दूरी की ट्रेनों पर पड़ेगा। कई ट्रेनों को लोकमान्य तिलक टर्मिनस की बजाय ठाणे स्टेशन पर ही शॉर्ट टर्मिनेट किया जाएगा। इनमें मत्स्यगंधा एक्सप्रेस, नेत्रावती एक्सप्रेस, कुशीनगर एक्सप्रेस, अमृत भारत एक्सप्रेस, गया-एलटीटी एक्सप्रेस और भुवनेश्वर-एलटीटी एक्सप्रेस जैसी प्रमुख ट्रेनें शामिल हैं।

इसके अलावा कई ट्रेनों के प्रस्थान समय में बदलाव किया गया है। एलटीटी-पाटलिपुत्र एक्सप्रेस, एलटीटी-बनारस एक्सप्रेस, एलटीटी-करमाली एसी एक्सप्रेस, एलटीटी-मडगांव एक्सप्रेस, एलटीटी-दानापुर एक्सप्रेस और एलटीटी-शालीमार एक्सप्रेस को निर्धारित समय से कई घंटे बाद रवाना किया जाएगा।

मध्य रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा पर निकलने से पहले अपनी ट्रेन का समय जरूर जांच लें और बदले हुए शेड्यूल को ध्यान में रखते हुए अपनी यात्रा की योजना बनाएं।

मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डॉ. स्वप्नील निला ने बताया कि यह विशेष ब्लॉक रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर को आधुनिक और सुरक्षित बनाने के लिए बेहद जरूरी है। रेलवे ने यात्रियों को होने वाली असुविधा के लिए खेद व्यक्त किया है।