21 जून को जयपुर-दरभंगा अमृत भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव, राजस्थान-बिहार संपर्क को मिलेगी नई रफ्तार

जयपुर। केंद्र सरकार देश में रेलवे नेटवर्क को और मजबूत बनाने की दिशा में लगातार कदम बढ़ा रही है। इसी क्रम में केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव 21 जून 2026 को जयपुर से नई रेल सेवा जयपुर (खातीपुरा)-दरभंगा अमृत भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। यह ट्रेन सप्ताह में छह दिन संचालित होगी और राजस्थान तथा बिहार के बीच संपर्क को नई गति प्रदान करेगी।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार यह नई रेल सेवा यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और आरामदायक यात्रा का बेहतर विकल्प उपलब्ध कराएगी। विशेष रूप से रोजगार, शिक्षा, व्यापार और पारिवारिक कारणों से यात्रा करने वाले यात्रियों को इसका सीधा लाभ मिलेगा। वर्तमान में अजमेर से दरभंगा के लिए केवल साप्ताहिक ट्रेन सेवा उपलब्ध है, जबकि नई अमृत भारत एक्सप्रेस सप्ताह में छह दिन चलने से यात्रियों को अधिक सुविधा मिलेगी।

जयपुर अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, पर्यटन स्थलों और औद्योगिक विकास के लिए देशभर में प्रसिद्ध है, वहीं दरभंगा मिथिला संस्कृति, शिक्षा और ऐतिहासिक महत्व का प्रमुख केंद्र माना जाता है। यह नई रेल सेवा दोनों राज्यों के बीच आवागमन को आसान बनाएगी और सांस्कृतिक आदान-प्रदान के साथ आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा देगी।

नई ट्रेन का ठहराव दौसा, बांदीकुई, मंडावर महुआ रोड, भरतपुर, ईदगाह, आगरा, टूंडला, इटावा, कानपुर सेंट्रल, उन्नाव, ऐशबाग, गोमतीनगर, बाराबंकी, गोंडा, गोरखपुर, कप्तानगंज, बगहा, नरकटियागंज, सिकटा, रक्सौल, बैरगनियां, सीतामढ़ी, जनकपुर रोड और कमतौल स्टेशनों पर होगा। इससे इन क्षेत्रों के लाखों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।

रेलवे ने बताया कि इस ट्रेन का प्राथमिक अनुरक्षण खातीपुरा स्थित नवनिर्मित कोच केयर कॉम्पलेक्स में किया जाएगा। खातीपुरा स्टेशन पर लगभग 205 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक कोच केयर कॉम्पलेक्स बनाया गया है, जहां वंदे भारत, डेमू, एलएचबी रेक सहित विभिन्न ट्रेनों का अनुरक्षण एक ही स्थान पर किया जा सकेगा। इससे रेलवे रखरखाव व्यवस्था बेहतर होगी और भविष्य में अधिक ट्रेनों के संचालन का रास्ता खुलेगा।

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि 21 जून को ही केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव बीकानेर-अहमदाबाद नई दैनिक रेल सेवा को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। रेलवे की इन नई सेवाओं से यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलने के साथ क्षेत्रीय विकास को भी नई गति मिलेगी।