रामगढ़ में 20 किलोवाट एफएम ट्रांसमीटर का उद्घाटन, सीमावर्ती क्षेत्र तक पहुंचेगा रेडियो प्रसारण

केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने रामगढ़ में 20 किलोवाट एफएम ट्रांसमीटर का किया उद्घाटन, सीमावर्ती क्षेत्र को मिलेगा बेहतर रेडियो प्रसारण

जयपुर। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने गुरुवार को आकाशवाणी जयपुर से वर्चुअल माध्यम के जरिए जैसलमेर के रामगढ़ में स्थापित 20 किलोवाट क्षमता वाले एफएम ट्रांसमीटर का उद्घाटन किया। इसके साथ ही राजस्थान में एफएम ट्रांसमीटरों की संख्या बढ़कर 39 हो गई है। नए ट्रांसमीटर के माध्यम से सीमावर्ती क्षेत्र में लगभग 80 किलोमीटर के दायरे तक रेडियो प्रसारण पहुंच सकेगा, जिससे स्थानीय लोगों को सूचना, शिक्षा और मनोरंजन से जुड़े कार्यक्रमों का लाभ मिलेगा।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री ने प्रसार भारती को बदलते तकनीकी दौर के अनुरूप ढालने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि रेडियो प्रसारण की प्रासंगिकता बनाए रखने के लिए ?डिजिटल फर्स्ट? और ?हाइपर लोकल? दृष्टिकोण अपनाना होगा। उन्होंने अधिकारियों को इस दिशा में ठोस कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए तथा स्थानीय कलाकारों और कारीगरों को भी प्रसारण से जोड़ने की आवश्यकता बताई।

श्री वैष्णव ने जयपुर में बनने वाले कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) डेटा सेंटर का उल्लेख करते हुए इसे भविष्य की तकनीकी जरूरतों की मजबूत नींव बताया। उन्होंने राजस्थान में चल रहे रेलवे विकास कार्यों की जानकारी देते हुए कहा कि पहले राज्य को रेलवे बजट में लगभग 600 करोड़ रुपये मिलते थे, जिसे बढ़ाकर अब 10 हजार करोड़ रुपये कर दिया गया है।

उन्होंने बताया कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत राजस्थान के लगभग 200 रेलवे स्टेशनों पर विकास कार्य चल रहे हैं। इनमें 85 प्रमुख रेलवे स्टेशनों का आधुनिक और भव्य स्वरूप में पुनर्विकास किया जा रहा है। इसके अलावा राज्य में 10 मल्टी मॉडल कार्गो टर्मिनल तैयार हो चुके हैं, जबकि 6 पर कार्य जारी है और 8 नए टर्मिनलों को स्वीकृति दी जा चुकी है।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रदेश में कई रेल लाइनों का दोहरीकरण और कुछ स्थानों पर गेज परिवर्तन का कार्य भी किया जा रहा है। कोविड-19 महामारी के बाद राजस्थान के लिए 46 नई रेल सेवाएं शुरू की गई हैं।

कार्यक्रम में प्रसार भारती के अध्यक्ष प्रसून जोशी ने भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि आकाशवाणी और दूरदर्शन जैसी संस्थाएं समाज की जड़ों से जुड़ी हुई महत्वपूर्ण सेवाएं हैं, जो सही और विश्वसनीय जानकारी को व्यापक स्तर तक पहुंचाने का कार्य करती हैं।

इस अवसर पर जैसलमेर सांसद उम्मेदाराम बेनीवाल वर्चुअल माध्यम से जुड़े। वहीं राजस्थान के ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर, जयपुर सांसद मंजू शर्मा तथा आकाशवाणी के महानिदेशक राजीव कुमार जैन भी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के बाद केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मालवीय राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एमएनआईटी) जयपुर में तीन मेकर्स लैब, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, सेमीकंडक्टर और क्वांटम प्रौद्योगिकी प्रयोगशालाओं का शुभारंभ किया। इसके साथ ही उन्होंने एनडीए सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित प्रबुद्धजन सम्मेलन में भी भाग लिया।