जलंधर सिटी रेलवे स्टेशन पर चला विशेष टिकट जांच अभियान, 339 बिना टिकट यात्री पकड़े गए, रेलवे को मिला 2.23 लाख रुपये राजस्व

जलंधर। उत्तर रेलवे के फिरोजपुर रेल मंडल द्वारा आज जलंधर सिटी रेलवे स्टेशन पर बिना टिकट और अनियमित यात्रा करने वालों के खिलाफ ?फोर्ट्रेस चेक? के तहत विशेष सघन टिकट जांच अभियान चलाया गया। इस अभियान में टिकट जांच स्टाफ और रेलवे सुरक्षा बल की संयुक्त टीम ने स्टेशन परिसर और ट्रेनों में व्यापक जांच की।

अभियान के दौरान कुल 339 बिना टिकट एवं अनियमित यात्री पकड़े गए, जिनसे रेलवे ने लगभग 2 लाख 23 हजार रुपये का राजस्व वसूला। इस कार्रवाई से रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि बिना टिकट यात्रा करने वालों के खिलाफ लगातार सख्त कदम उठाए जाएंगे।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार ?फोर्ट्रेस चेक? एक विशेष जांच अभियान है, जिसके अंतर्गत किसी स्टेशन, ट्रेन या रेलखंड पर बिना पूर्व सूचना अचानक व्यापक टिकट जांच की जाती है। इस दौरान यात्रियों के टिकट, पहचान पत्र और रेलवे नियमों के पालन की गहन जांच की जाती है। इसका मुख्य उद्देश्य बिना टिकट यात्रा पर रोक लगाना और रेलवे के राजस्व की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक बसंत कुमार ने यात्रियों से अपील करते हुए कहा कि सभी लोग हमेशा वैध टिकट लेकर ही यात्रा करें और रेलवे नियमों का पालन करें। उन्होंने बताया कि भविष्य में भी इस प्रकार के विशेष अभियान लगातार जारी रहेंगे ताकि रेलवे सेवाओं को बेहतर और पारदर्शी बनाया जा सके।

इस सफल अभियान ने यह साबित किया है कि रेलवे प्रशासन यात्रियों की सुविधा के साथ-साथ नियमों के पालन और राजस्व सुरक्षा को लेकर पूरी तरह गंभीर है।