बिलासपुर में वन्यजीव अपराध रोकथाम पर जागरूकता सेमिनार आयोजित, 150 से अधिक कर्मियों ने लिया हिस्सा

बिलासपुर में वन्यजीव अपराध रोकथाम पर जागरूकता सेमिनार आयोजित, 150 से अधिक कर्मियों ने लिया हिस्सा

बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रेलवे सुरक्षा बल बिलासपुर द्वारा 13 जून 2026 को वन्यजीव अपराधों की रोकथाम और जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से एन.ई. इंस्टीट्यूट, बिलासपुर में एक विशेष सेमिनार का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम सुबह लगभग 11 बजे शुरू हुआ, जिसमें वन्यजीव अपराधों से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

सेमिनार में वन्यजीव अपराध नियंत्रण ब्यूरो मध्य क्षेत्र भोपाल से आए विशेषज्ञ वक्ताओं ने उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को वन्यजीव अपराधों के बढ़ते मामलों, तस्करी के तौर-तरीकों, अपराधियों द्वारा अपनाई जाने वाली कार्यप्रणाली (मोडस ऑपरेंडी), उनकी पहचान और प्रभावी रोकथाम के उपायों की जानकारी दी। साथ ही अपने अनुभव साझा करते हुए इस तरह के अपराधों के खिलाफ सतर्कता बढ़ाने पर जोर दिया गया।

कार्यक्रम में रेलवे सुरक्षा बल के मुख्यालय एवं मंडल के वरिष्ठ अधिकारियों के अलावा स्थानीय पुलिस, शासकीय रेलवे पुलिस, वाणिज्य विभाग, टीटीई तथा कुलियों सहित लगभग 150 लोगों ने भाग लिया। सेमिनार के माध्यम से संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर वन्यजीव तस्करी और अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण संदेश दिया गया।