दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने आयोजित की कस्टमर मीट, माल परिवहन सेवाओं और सुविधाओं पर हुआ मंथन

बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने माल परिवहन व्यवसाय से जुड़े ग्राहकों, उद्योग प्रतिनिधियों और व्यापारिक संगठनों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से बुधवार को मुख्यालय बिलासपुर में ग्राहक मिलन (कस्टमर मीट) कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम में रेलवे अधिकारियों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के बीच माल परिवहन सेवाओं, सुविधाओं और व्यावसायिक संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।

कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधान मुख्य परिचालन प्रबंधक कमल किशोर सिन्हा तथा प्रधान मुख्य वाणिज्य प्रबंधक बिजय कुमार ने की। बैठक में 29 विभिन्न फर्मों के 48 प्रतिनिधियों सहित माल परिवहन ग्राहक, साइडिंग संचालक, उद्योग प्रतिनिधि, व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारी और रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।

रेलवे अधिकारियों ने भारतीय रेल और ग्राहकों के बीच मजबूत साझेदारी को माल परिवहन व्यवसाय की सफलता का आधार बताते हुए ग्राहक सुविधाओं, डिजिटल सेवाओं और रेलवे की विभिन्न व्यावसायिक पहलों की जानकारी साझा की। इस दौरान माल लदान, अनलोडिंग सुविधाओं, रेलवे साइडिंग, माल शेड, पार्सल एवं लॉजिस्टिक सेवाओं तथा डिजिटल प्लेटफॉर्म से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

ग्राहकों द्वारा रखे गए सुझावों और मांगों पर गंभीरता से चर्चा करते हुए रेलवे अधिकारियों ने उनके त्वरित एवं व्यावहारिक समाधान का आश्वासन दिया। कार्यक्रम में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की माल परिवहन उपलब्धियों और व्यावसायिक पहलों पर विशेष प्रस्तुति भी दी गई।

माल लदान में देश के अग्रणी जोनों में शामिल

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने 261.25 मिलियन टन माल लदान कर भारतीय रेल में दूसरा स्थान हासिल किया। वहीं 199.40 मिलियन टन कोयला लदान के साथ जोन ने देश में पहला स्थान प्राप्त किया। इसी अवधि में 30,410.30 करोड़ रुपये का उद्गम माल राजस्व अर्जित कर रेलवे ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

इसके अलावा 151.25 बिलियन नेट टन किलोमीटर (NTKM) का रिकॉर्ड प्रदर्शन दर्ज किया गया, जो भारतीय रेल के किसी भी जोन द्वारा हासिल किया गया सर्वाधिक आंकड़ा है।

आधुनिक सुविधाओं पर विशेष जोर

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने माल परिवहन अवसंरचना को मजबूत करने के लिए गति शक्ति मल्टी-मॉडल कार्गो टर्मिनलों के संचालन, माल शेड सुविधाओं के विस्तार तथा सीसीटीवी और ड्रोन आधारित डिजिटल मॉनिटरिंग जैसी आधुनिक तकनीकों को अपनाया है। रेलवे का दावा है कि इन पहलों से ग्राहकों को अधिक पारदर्शी, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण सेवाएं मिल रही हैं।

कार्यक्रम में उपस्थित उद्योग प्रतिनिधियों और ग्राहकों ने रेलवे की सेवाओं की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे संवादात्मक कार्यक्रम आयोजित करने की आवश्यकता पर बल दिया। कार्यक्रम का समापन उप मुख्य परिचालन प्रबंधक (गुड्स) अर्जुन सिबल के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।