इज्जतनगर मंडल की अनूठी पहल: महिला रेलकर्मियों के सशक्तिकरण और कल्याण के लिए कराया गया प्रेरणादायी भ्रमण

इज्जतनगर मंडल की अनूठी पहल: महिला रेलकर्मियों के सशक्तिकरण और कल्याण के लिए कराया गया प्रेरणादायी भ्रमण

बरेली। महिला सशक्तिकरण और महिला कर्मचारियों के सर्वांगीण विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल ने एक सराहनीय पहल करते हुए महिला रेलकर्मियों के लिए विशेष ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायी भ्रमण कार्यक्रम आयोजित किया। इस कार्यक्रम के तहत मंडल के विभिन्न विभागों में कार्यरत 50 से अधिक महिला कर्मचारियों को पीलीभीत स्थित प्राकृतिक पर्यटन स्थल चूका इको टूरिज्म स्पॉट तथा पीलीभीत टाइगर रिजर्व के भ्रमण के लिए रवाना किया गया।

यह कार्यक्रम अध्यक्ष पूर्वोत्तर रेलवे महिला कल्याण संगठन एवं मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा के मार्गदर्शन तथा वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी संदीप सिंह की उपस्थिति में कर्मचारी कल्याण निधि के तत्वावधान में आयोजित किया गया।

इस अवसर पर संदीप सिंह ने कहा कि रेलवे प्रशासन महिला कर्मचारियों की सुरक्षा, सम्मान, कल्याण और बेहतर कार्य वातावरण उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि महिला कर्मचारी रेलवे की कार्यसंस्कृति को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं और उनकी सक्रिय भागीदारी संगठन की प्रगति की आधारशिला है।

उन्होंने बताया कि ऐसे भ्रमण कार्यक्रमों का उद्देश्य महिला कर्मचारियों को रोजमर्रा की व्यस्त कार्यशैली से कुछ समय निकालकर सकारात्मक और प्राकृतिक वातावरण से जोड़ना है, ताकि उनके मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाया जा सके। यह पहल कर्मचारियों के मनोबल को बढ़ाने के साथ-साथ कार्यक्षमता में भी सकारात्मक प्रभाव डालती है।

कार्यक्रम के दौरान मंडल कार्मिक अधिकारी आनंद कुमार, सहायक कार्मिक अधिकारी शिशुओम दीक्षित तथा मान्यता प्राप्त यूनियन के मंडल मंत्री रजनीश तिवारी सहित विभिन्न यूनियनों और एसोसिएशनों के पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।

इज्जतनगर मंडल की यह पहल महिला कर्मचारियों के सम्मान, सशक्तिकरण और कल्याण को प्राथमिकता देने की दिशा में एक प्रेरणादायी उदाहरण मानी जा रही है, जो कार्यस्थल पर सकारात्मक वातावरण और बेहतर सहभागिता को बढ़ावा देगी।