पूर्वोत्तर रेलवे इज्जतनगर मंडल की पहल: कर्मचारियों को दिया गया वित्तीय सशक्तिकरण और बेहतर भविष्य का मंत्र

बरेली।पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल ने अपने कर्मचारियों को आर्थिक रूप से अधिक जागरूक, आत्मनिर्भर और भविष्य के लिए सुरक्षित बनाने की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए वित्तीय साक्षरता एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया। यह कार्यक्रम कर्मचारियों में बेहतर वित्तीय अनुशासन और समृद्ध भविष्य की आदतें विकसित करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया।

मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा के मार्गदर्शन और वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी संदीप सिंह के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम का विषय था फाइनेंशियल डिसिप्लिन एंड वेल्थ हैबिट्स फॉर यंग माइंड्स।

यह कार्यक्रम एडवाइजर्स स्किल्स डेवलपमेंट ऑर्गेनाइजेशन के सहयोग से दो चरणों में संपन्न हुआ। पहला सत्र सुबह 11 बजे मंडल रेल प्रबंधक सभागार, इज्जतनगर में आयोजित किया गया, जिसमें मंडल के 30 राजपत्रित अधिकारियों ने भाग लिया। वहीं दूसरा सत्र दोपहर 3 बजे आईटी सेंटर (कार्मिक), इज्जतनगर में हुआ, जिसमें 35 अराजपत्रित कर्मचारियों की सक्रिय सहभागिता रही।

कार्यक्रम के दौरान कर्मचारियों को वित्तीय अनुशासन, नियमित बचत, समझदारी से निवेश, बजट निर्माण, बैंकिंग जागरूकता, डिजिटल भुगतान की सुरक्षा और दीर्घकालिक वित्तीय योजना जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर व्यावहारिक जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने बताया कि सही वित्तीय योजना न केवल वर्तमान को सुरक्षित बनाती है बल्कि भविष्य को भी मजबूत आधार प्रदान करती है।

विशेषज्ञ वक्ताओं ने कर्मचारियों को अपनी आय के बेहतर प्रबंधन, योजनाबद्ध बचत और सही निवेश के माध्यम से आर्थिक रूप से मजबूत बनने के लिए प्रेरित किया।

यह पहल दर्शाती है कि पूर्वोत्तर रेलवे केवल रेल संचालन तक सीमित नहीं है, बल्कि अपने कर्मचारियों के व्यक्तिगत विकास, आर्थिक सुरक्षा और बेहतर जीवन स्तर को भी सर्वोच्च प्राथमिकता दे रहा है।

इज्जतनगर मंडल का यह प्रयास कर्मचारियों को आर्थिक रूप से जागरूक बनाकर एक मजबूत, सुरक्षित और समृद्ध भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।