अनंतनाग गुड्स शेड का वरिष्ठ अधिकारियों ने किया निरीक्षण, व्यापारियों के साथ बैठक कर माल ढुलाई सुविधाएं बेहतर बनाने पर जोर

जम्मू। माल परिवहन सेवाओं को अधिक सुगम, तेज और व्यापारियों के अनुकूल बनाने की दिशा में उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। इसी क्रम में 12 जून को उचित सिंघल और आरिश बंसल ने अनंतनाग गुड्स शेड का विस्तृत निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने गुड्स शेड पर माल लोडिंग और अनलोडिंग की व्यवस्था, प्लेटफॉर्म की स्थिति, सुरक्षा मानकों और यार्ड की कार्यप्रणाली का बारीकी से जायजा लिया। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद कर्मचारियों से संचालन में आने वाली समस्याओं की जानकारी ली और रेलवे की नई नीतियों के अनुरूप त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के बाद वरिष्ठ अधिकारियों ने अनंतनाग क्षेत्र के व्यापारियों और माल कारोबार से जुड़े प्रतिनिधियों के साथ बैठक भी की। बैठक में माल ढुलाई से संबंधित नई योजनाओं, पारदर्शी बुकिंग व्यवस्था, रेक पॉइंट की उपलब्धता और मालभाड़े में पारदर्शिता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल ने कहा कि रेलवे का उद्देश्य व्यापारियों को ?गति शक्ति कार्गो? के तहत तेज, सुरक्षित और किफायती माल परिवहन सेवा उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि अनंतनाग क्षेत्र सेब और अन्य कृषि उत्पादों के लिए बेहद महत्वपूर्ण क्षेत्र है, इसलिए यहां गुड्स संचालन को और सरल तथा प्रभावी बनाया जाएगा ताकि कश्मीर के उत्पाद कम समय में देशभर के बाजारों तक पहुंच सकें।

उन्होंने यह भी कहा कि स्थानीय व्यापारियों के सुझावों को प्राथमिकता के आधार पर लागू किया जाएगा और गुड्स ट्रेनों की समयबद्धता पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। रेलवे और व्यापारिक संगठनों के बेहतर समन्वय से क्षेत्र के आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी।

राघवेंद्र सिंह ने बताया कि रेलवे भविष्य में भी माल परिवहन सेवाओं को आधुनिक और अधिक सुविधाजनक बनाने की दिशा में लगातार कार्य करता रहेगा।