हरदोई पुलिस ने दो शातिर चोरों को किया गिरफ्तार, सात चोरी की स्प्लेंडर बाइक बरामद, आर्थिक लाभ कमाने के लिए नंबर प्लेट बदलकर बेचते थे

हरदोई। जनपद में अपराध नियंत्रण एवं मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत हरदोई पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा के निर्देशन में एसओजी, स्वाट, सर्विलांस और थाना अतरौली पुलिस की संयुक्त टीम ने दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की सात स्प्लेंडर मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सर्वेश कुमार उर्फ भूपे पुत्र छोटक्के सिंह निवासी ग्राम भेरका थाना अतरौली जनपद हरदोई तथा सीपू पुत्र सुनील रैदास निवासी ग्राम गुरसंडा थाना टड़ियावां जनपद हरदोई के रूप में हुई है। दोनों को संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहनों की चेकिंग के दौरान गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे आर्थिक लाभ कमाने के उद्देश्य से हरदोई जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों से मोटरसाइकिल चोरी करते थे। चोरी के बाद वे मोटरसाइकिलों की पहचान छिपाने के लिए उनकी नंबर प्लेट हटा देते थे और बाद में उन्हें कम कीमत पर बेच देते थे।
क्षेत्राधिकारी संडीला संतोष सिंह ने बताया कि बरामद मोटरसाइकिलों के संबंध में थाना अतरौली में विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज किए गए हैं। इनमें चोरी एवं चोरी की संपत्ति को छिपाने से संबंधित धाराएं शामिल हैं। शेष बरामद मोटरसाइकिलों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है कि वे किन थाना क्षेत्रों से चोरी की गई थी।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। इस कार्रवाई को वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है।